UP News: यूपी में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. इसी के साथ यूपी सरकार ने यूपी के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत भी दे दी है. बता दें कि ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विभागीय समीक्षा के बाद स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर फिलहाल के लिए रोक लगा दी है. सरकार ने मामले को लेकर 4 सदस्यों वाली तकनीकी समिति का गठन किया है. जब तक यह समिति अपनी रिपोर्ट नहीं देती, तब तक यूपी में स्मार्ट मीटर पर रोक रहेगी और स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे.
ADVERTISEMENT
स्मार्ट मीटर को लेकर ये ऐलान भी किए गए
योगी सरकार ने स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को लेकर कुछ ऐलान भी किए हैं. माना जा रहा है कि सरकार ने स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं की चिंताओं को दूर किया है. सरकार के निर्देश के मुताबिक, अब नए स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन जीरो बैलेंस होने पर तुरंत नहीं काटा जाएगा. उनका 45 दिनों तक कनेक्शन रहेगा, जिससे उपभोक्ताओं को भुगतान का समय मिल सके.
इसी के साथ बिल संबंधी जानकारी देने के लिए उपभोक्ताओं के लिए 5 स्तरीय एसएमएस अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा. ऊर्जा मंत्री ने साफ किया है कि रविवार, सार्वजनिक अवकाश और रात के समय किसी का भी कनेक्शन नहीं काटा जाएगा. बिजली आपूर्ति के मामले में संवेदनशील और मानवीय रुख अपनाया जाएगा.
क्या था पूरा विवाद?
आपको बता दें कि यूपी में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच लगातार नाराजगी देखने को मिल रही थी. इसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी हो रहे थे. उपभोक्ताओं का कहना था कि बिना सहमति के उनके पुराने मीटर हटाए गए और उनकी जगह प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए गए. इसको लेकर विवाद बना हुआ था.
ADVERTISEMENT









