UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और सूरज की तपिश अब जानलेवा साबित हो रही है. आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली गर्म हवाओं के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है. बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई जिलों में पारा 45°C के पार पहुंच गया है, जिससे आने वाले 24 से 48 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं.
ADVERTISEMENT
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में लू का कहर जारी रहने की संभावना जताई है. सावधान रहने वाले प्रमुख जिले हैं:
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर. इन जिलों के साथ-साथ इनसे सटे इलाकों में भी गर्म हवाओं (पछुआ) का भारी असर देखने को मिलेगा.
क्या हैं गर्मी बढ़ने की मुख्य वजहें?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस झुलसाने वाली गर्मी के पीछे दो बड़े भौगोलिक कारण हैं. लगातार चल रही सूखी पछुआ हवाएं वातावरण की नमी को सोख रही हैं, जिससे गर्मी का अहसास और ज्यादा हो रहा है. आंतरिक महाराष्ट्र के ऊपर बने एक प्रतिचक्रवात के असर से उत्तर प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. वहीं, बारिश की कोई संभावना न होने के कारण दक्षिणी भाग में अधिकतम तापमान 45°C के करीब या उससे ऊपर पहुंच रहा है.
सावधान अभी और बढ़ेगा तापमान!
राहत की उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों में तापमान में और भी इजाफा हो सकता है. दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गंभीर लू की स्थिति बन सकती है. प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT









