Hamipur Crime News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से अजीबो-गरीब खबर सामने आई है. यहां कुसमरा गांव में शॉर्ट सर्किट की वजह से दो पोल्ट्री फार्म धू-धू कर जल उठे. इस भीषण अग्निकांड में करीब 4000 मुर्गे और चूजे जिंदा जल गए. इस घटना ने फार्म मालिक का लाखों का नुकसान कर दिया.
ADVERTISEMENT
शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही?
यह हादसा बुधवार को खेतों में बने आमिर कुरैशी के पोल्ट्री फार्म में हुआ. मजदूरों के मुताबिक, बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली एक चिंगारी ने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक दोनों फार्म जलकर खाक हो चुके थे.
इन फार्मों में दो-दो हजार मुर्गे बिक्री के लिए पूरी तरह तैयार थे. पीड़ित मालिक के अनुसार, इस घटना में उन्हें लगभग 10 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
भुने हुए मुर्गों के लिए मची लूट
हादसे के बाद घटनास्थल पर एक अजीब स्थिति देखने को मिली. जैसे ही दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, वहां भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. आग शांत होते ही लोग मरे हुए और झुलसे हुए मुर्गों को उठाने के लिए टूट पड़े. देखते ही देखते ग्रामीण दो-दो, चार-चार भुने हुए मुर्गे अपने साथ समेट कर ले जाने लगे.
मालिक ने क्या कहा?
पोल्ट्री फार्म के मालिक आमिर कुरैशी ने ग्रामीणों की इस हरकत पर कोई विरोध नहीं जताया. उन्होंने कहा कि मुर्गों के जलकर मरने के बाद उन्हें वैसे भी फेंकना ही पड़ता, ऐसे में अगर ग्रामीण उन्हें ले गए तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है.
ADVERTISEMENT









