UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. शुक्रवार शाम होते-होते यूपी के कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है. शुक्रवार शाम को गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ और बागपत सहित आसपास के इलाकों में अचानक बादलों ने डेरा डाल दिया और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई.
ADVERTISEMENT
बारिश के साथ-साथ यूपी के एक बड़े हिस्से में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं. इन तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का असर अलीगढ़, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों में भी देखने को मिला.
मौसम विभाग ने क्या कहा?
अचानक आए इस बदलाव को लेकर जब मौसम विभाग से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इसके पीछे की वैज्ञानिक वजह साझा की. मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक स्तरों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है. साथ ही उत्तर-पश्चिम राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ बनी हुई है, जिससे निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर सपोर्ट मिल रहा है. इसी प्रभाव के कारण आज उत्तर-पश्चिम यूपी के हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक (RA/TS) देखी गई है.
क्या आगे भी होगी बारिश?
राहत की उम्मीद कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने यह भी साफ किया है कि यह बदलाव बहुत लंबे समय के लिए नहीं है. विभाग के मुताबिक, यह एक ट्रांजिएंट स्पेल यानी अस्थायी दौर है और संभावना है कि यह जल्द ही खत्म हो जाएगा. यानी मौसम एक बार फिर सामान्य हो सकता है.
ADVERTISEMENT









