DAKSPSSY: उत्तर प्रदेश के पंजीकृत मजदूरों के बच्चों के लिए यूपी सरकार एक योजना चला रही है. अगर आप या आपके परिवार में कोई फैक्ट्री या दुकान में काम करता है और बच्चों को उच्च या तकनीकी शिक्षा दिलाना चाहता है, तो पैसों की तंगी अब उनके सपनों के आड़े नहीं आएगी.
ADVERTISEMENT
यूपी सरकार की डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम श्रमिक प्राविधिक शिक्षा सहायता योजना (DAKSPSSY) ऐसे ही परिवारों का सहारा बन रही है. इस योजना का सीधा मकसद गरीब और श्रमिक वर्ग के प्रतिभावान बच्चों को इंजीनियरिंग, मेडिकल और डिप्लोमा जैसे कोर्स की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद देना है, ताकि वे भी एक सुनहरा भविष्य बना सकें.
पढ़ाई के लिए कितनी मिलेगी आर्थिक मदद?
सरकार इस योजना के तहत कोर्स के हिसाब से सीधी वित्तीय सहायता देती है:
- डिग्री कोर्स (B.Tech, MBBS, MBA आदि): ₹25,000 की सहायता.
- डिप्लोमा कोर्स (Polytechnic आदि): ₹15,000 की सहायता.
- सर्टिफिकेट/अन्य कोर्स: ₹10,000 की सहायता.
कौन ले सकता है इस योजना का लाभ?
मजदूर उत्तर प्रदेश में 'दुकान एवं वाणिज्यिक अधिष्ठान अधिनियम, 1962' या 'फैक्ट्री अधिनियम, 1948' के तहत पंजीकृत किसी संस्थान/फैक्ट्री में काम करता हो. श्रमिक का मासिक वेतन (मूल वेतन + महंगाई भत्ता) ₹15,000 से अधिक नहीं होना चाहिए.
B.Tech, M.Tech, BCA, MCA, BBA, MBA, MBBS जैसे डिग्री कोर्स या पॉलिटेक्निक और पीजी डिप्लोमा जैसे कोर्स में पढ़ाई कर रहे बच्चे इसके पात्र हैं.
जरूरी दस्तावेज
- छात्र/छात्रा या श्रमिक के बैंक पासबुक की फोटोकॉपी (IFSC कोड के साथ).
- तकनीकी संस्थान में प्रवेश या अध्ययनरत होने का प्रमाण (जैसे फीस रसीद या आई-कार्ड).
आवेदन करने का आसान स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
अगर आप पात्र हैं, तो बिना किसी दलाल के चक्कर काटे खुद ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:
- उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के पोर्टल skpuplabour.in पर जाएं.
- होमपेज पर 'Shramik Application' चुनें और नए यूजर हैं तो 'Register New User' पर क्लिक कर फॉर्म भरें. मोबाइल पर यूजर आईडी और पासवर्ड आ जाएगा.
- क्रेडेंशियल्स से लॉगिन करें, योजना का चुनाव करें, विवरण भरें और फोटो अपलोड करके सबमिट कर दें.
- फॉर्म का प्रिंट निकालकर अपने पास रख लें.
- सत्यापन प्रिंटआउट को बच्चे के शैक्षणिक संस्थान और अपनी फैक्ट्री/संस्थान से सत्यापित कराएं.
- दोबारा पोर्टल पर लॉगिन करें और सत्यापित फॉर्म व जरूरी कागजात स्कैन करके अपलोड कर दें.
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होते ही स्कॉलरशिप का पैसा सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा और इसकी जानकारी SMS से मिल जाएगी. आप पोर्टल पर 'Application Status' से अपने आवेदन का स्टेटस भी ट्रैक कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT











