Mansoon Rain: 22 जुलाई को यूपी के इन 35+ जिलों में होगी जोरदार बारिश, देखिए क्या आपके इलाके में भी बरसेंगे मेघ

आशुतोष चौबे

21 Jul 2026 (अपडेटेड: 21 Jul 2026, 03:56 PM)

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 22 जुलाई के लिए पश्चिमी यूपी में ऑरेंज और पूर्वी यूपी में येलो अलर्ट जारी किया है. 35 से अधिक जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

UP Rain Alert

UP Rain Alert (Photo:AI)

Google CTA

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने कल यानि 22 जुलाई 2026 के लिए पश्चिमी यूपी में ऑरेंज अलर्ट और पूर्वी यूपी में येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि कल यूपी के 35 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें...

यूपी में लगभग सभी जगह बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की 'बहुत संभावना' है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. लगातार सक्रिय मानसून के कारण कई इलाकों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज होने की संभावना जताई गई है.

यूपी में यहां ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए कहा है कि कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा और कई स्थानों पर भारी बारिश होने की 'बहुत संभावना' है. इसके अलावा कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकता है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.

इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आगरा और ललितपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना सबसे अधिक है. इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

यूपी तक के अनुसार, मौसम विभाग ने अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. किसानों और आम नागरिकों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.