समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी से बिसात बिछाना शुरू कर दिया है. लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए एक बड़ा चुनावी वादा किया है, जिसे 2027 का 'मास्टरस्ट्रोक' माना जा रहा है. अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो 'नारी समृद्धि सम्मान योजना' शुरू की जाएगी. इस योजना के तहत महिलाओं को सालाना 400 रुपये देने का वादा किया गया है. इसके साथ ही उन्होंने पिछली सपा सरकार की 'समाजवादी पेंशन योजना' को भी फिर से बहाल करने की बात कही है.
ADVERTISEMENT
योगी सरकार पर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस से राजनीतिक काम लिया जा रहा है और कानून-व्यवस्था "हथेली गरम, पुलिस नरम" के सिद्धांत पर चल रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार इन्हें रोकने में नाकाम है. अखिलेश यादव ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई चर्चित महिलाओं को आमंत्रित किया था और उन्हें सम्मानित कर यह संदेश देने की कोशिश की कि सपा महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है. रिपोर्ट के अनुसार, 2027 के चुनावों के लिए टिकटों के दावेदारों ने भी अभी से पार्टी नेतृत्व के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT









