अपने बेबाक अंदाज और कड़क तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले योगी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह का नया वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है. मामला देवरिया का है जहां शिक्षक संघ के कुछ लोग एक दिवंगत शिक्षक को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंत्री जी से मिलने पहुंचे थे. बातचीत के दौरान जैसे ही एक शिक्षक ने कार्यवाही में देरी पर सवाल उठाया. मंत्री जी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया.उन्होंने सरेआम शिक्षक को डांटते हुए कहा 'अवसर दिया जा रहा है तो आप सिर पर चढ़ेंगे, अपनी सीमा में रहिए.'
ADVERTISEMENT
क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?
यह वीडियो 24 फरवरी का बताया जा रहा है.देवरिया के पास बलिया से विधायक दयाशंकर सिंह अपने क्षेत्र के दौरे पर थे. इसी दौरान शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की. शिक्षक विवेक मिश्रा ने जब यह कहा कि 'आपके इशारे पर कार्यवाही नहीं हो रही' तो मंत्री जी भड़क गए. उन्होंने तुरंत शिक्षक को बाहर जाने को कह दिया. हालांकि इस विवाद के बाद 27 फरवरी को संबंधित बीएसए (BSA) पर निलंबन की गाज भी गिरी.
शिक्षक केके सिंह की आत्महत्या का मामला
इस पूरे विवाद की जड़ 21 फरवरी की वह घटना है.जब गोरखपुर में कार्यरत सहायक अध्यापक केके सिंह ने मौत को गले लगा लिया. 37 वर्षीय केके सिंह ने सुसाइड नोट में बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और एक अन्य अधिकारी संजीव सिंह पर गंभीर आरोप लगाए. नोट में लिखा था कि बहाली के नाम पर लाखों रुपये की मांग की गई और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.
कातिल सिस्टम के खिलाफ प्रदर्शन
केके सिंह की मौत के बाद पूर्वांचल के शिक्षकों में भारी आक्रोश था. 'कातिल सिस्टम' के नारों के साथ प्रदर्शन किए गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गई. इसी सिलसिले में शिक्षक संघ मंत्री दयाशंकर सिंह से मिलने पहुँचा था. वर्तमान में पुलिस आरोपी बीएसए और संजीव सिंह की तलाश कर रही है.
दयाशंकर सिंह के पुराने 'हड़काने' वाले वीडियो
यह पहली बार नहीं है जब दयाशंकर सिंह का ऐसा वीडियो सामने आया है. इससे पहले भी एक पुल के उद्घाटन के दौरान वे अधिकारियों और इंजीनियरों को डांटते दिखे थे. उस वक्त उन्होंने बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का जिक्र करते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी. उनके ये तेवर अक्सर पूर्वांचल की राजनीति में चर्चा का विषय बने रहते हैं.
ADVERTISEMENT









