आज क्या है वायरल: लोकसभा में भोजपुरी गाना गाने लगे सपा सांसद छोटेलाल खरवार, वजह भी जान लीजिए

Chotelal Kharwar Lok Sabha Song: संसद में गूंजी भोजपुरी! सोनभद्र के सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने गाकर बताया अपना दर्द. साथ ही देखिए क्यों ओम प्रकाश राजभर को दिखाए गए काले झंडे और बृजेश पाठक का नया अंदाज़.

रजत सिंह

• 01:29 PM • 18 Mar 2026

follow google news

लोकसभा में उस वक्त सब हैरान रह गए जब सोनभद्र से समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार ने अपनी बात रखने के लिए एक अनोखा तरीका चुना. उन्होंने भाषण देने के बजाय भोजपुरी लोकगीत गाकर अपने क्षेत्र की रेल समस्याओं को उजागर किया. 

यह भी पढ़ें...

संसद में गूंजा भोजपुरी गीत

छोटेलाल खरवार (सांसद, सोनभद्र) ने लोकसभा में रेल मंत्री से सवाल पूछते समय एक गाना सुनाया. गाने के बोल थे कि "सोनभद्र के भली आज जर्जर हलतिया हो, जर्जर हलतिया एकदम बदतर हलतिया हो." अपने गीत के माध्यम से उन्होंने सोनभद्र, चकिया, नौगढ़ और भभुआ के बीच रेलगाड़ी की मांग की और जर्जर रेल सुविधाओं पर ध्यान आकर्षित किया. उपसभापति ने उन्हें टोकते हुए सवाल पूछने को कहा, लेकिन खरवार ने गाकर ही अपनी पूरी बात रखी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल है. 

ओम प्रकाश राजभर को काले झंडे

महाराजगंज में सुभासपा (SBSP) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के एक कार्यक्रम के दौरान राजभर समाज के ही एक युवक ने उन्हें काले झंडे दिखाए. विरोध करने वाले का आरोप था कि राजभर समाज का वोट लेकर उन्हें धोखा देने वाले नेताओं को समाज माफ नहीं करेगा. इस दौरान युवक के साथ हुई कथित बदसलूकी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. 

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का 'अंडरकवर' दौरा

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मास्क लगाकर औचक निरीक्षण करने चिनहट सीएचसी (CHC) पहुंच गए. उन्होंने आम मरीज की तरह पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगकर व्यवस्था देखी और मरीजों से इलाज की गुणवत्ता के बारे में पूछताछ की. हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनके इस 'भेष बदलने' पर सवाल उठा रहे हैं कि उनकी पर्सनालिटी के कारण उन्हें मास्क में भी आसानी से पहचाना जा सकता था.