लखनऊ में तिरंगा यात्रा में CM योगी की हुंकार, बोले- 'राष्ट्र प्रतीकों का अपमान अब नहीं चलेगा'

यूपी तक

• 11:49 AM • 09 Aug 2026

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. इस यात्रा में 25 से 30 हजार से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया.

Yogi Adityanath Tiranga Yatra

Yogi Adityanath Tiranga Yatra

Google CTA

Yogi Adityanath Tiranga Yatra: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. इस यात्रा में 25 से 30 हजार से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित में लिए गए फैसलों की तारीफ की. सीएम योगी ने ध्वज संहिता में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि अब 140 करोड़ भारतीयों के लिए अपने घरों पर तिरंगा फहराना आसान हुआ है. उन्होंने राष्ट्रीय प्रतीकों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के अपमान को लेकर भी सख्त रुख अपनाया.

यह भी पढ़ें...

युवाओं की ताकत देश की बड़ी शक्ति

लखनऊ की तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा पीढ़ी में देश के सामने आने वाली हर चुनौती से निपटने की क्षमता है. उन्होंने कहा, 'हमारी युवा पीढ़ी में देश के सामने आने वाली हर चुनौती से निपटने की अद्भुत क्षमता है. इस युवा ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए एक सही मंच मिलना बेहद जरूरी है.' सीएम ने कहा कि बीजेपी आज पूरे देश में तिरंगा यात्रा की शुरुआत कर रही है और लखनऊ में 30 हजार से ज्यादा लोगों की मौजूदगी राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता की भावना को दर्शाती है.
 

80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगे को लेकर संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ ही दिनों बाद 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा. उन्होंने तिरंगा यात्रा को इसी राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों और देशभक्ति की भावना से जोड़ते हुए युवाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की. सीएम योगी के मुताबिक, राष्ट्रध्वज केवल एक झंडा नहीं बल्कि देश की सादगी, विकास और समृद्ध विरासत का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की.

ध्वज संहिता में बदलाव का किया जिक्र

सीएम योगी ने अपने संबोधन में ध्वज संहिता में किए गए संशोधनों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'पहले कांग्रेस के शासनकाल में घर पर तिरंगा लगाने के लिए लोगों को अदालतों तक लड़ाई लड़नी पड़ती थी. लेकिन PM मोदी ने कानून में संशोधन कर 140 करोड़ भारतीयों को अपने घरों पर शान से तिरंगा फहराने का हक और आजादी दी. हमारा ये तिरंगा हमारी सादगी, विकास और समृद्ध विरासत का प्रतीक है.' उन्होंने कहा कि अब लोग अपने घरों पर सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं.

राष्ट्र प्रतीकों के अपमान पर CM योगी की चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर भी कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 1947 में ही जो काम हो जाना चाहिए था, उसे पूरा होने में 75 साल लग गए. सीएम ने कहा कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि रही, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए 'नेशन फर्स्ट' की भावना सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करने वालों को सजा देने का सख्त फैसला लिया है. अब ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा कि कोई भारत में रहे और देश के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान या राष्ट्रगीत का अपमान करे.'

हर घर तिरंगा फहराने की अपील

लखनऊ की तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से 15 अगस्त से पहले 'हर घर तिरंगा' अभियान में भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव का अवसर है और इस मौके पर हर घर पर तिरंगा लहराना चाहिए. साथ ही प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज और देश के प्रति सम्मान की भावना होनी चाहिए. कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी को सीएम योगी ने देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राष्ट्रभावना का प्रतीक बताया.