BSP विधायक उमाशंकर सिंह को मायावती क्यों बोलती थी 'भाई'? रिश्तों के इस इतिहास की जानिए पूरी कहानी

रजत सिंह

• 12:07 PM • 07 Aug 2026

BSP MLA Umashankar Singh Death: बलिया की रसड़ा विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है. निधन के बाद बसपा प्रमुख मायावती काफी भावुक नजर आईं. उन्होंने ऐलान किया कि अगर परिवार चाहेगा तो वह बेटे युकेश सिंह को राजनीति में आगे बढ़ाएंगी.

UP Tak
Google CTA

BSP MLA Umashankar Singh Death: उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. बलिया की रसड़ा विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है. वह काफी लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और गुड़गांव के फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उमाशंकर सिंह के निधन की खबर सुनकर बसपा सुप्रीमो मायावती उनके घर पहुंचीं और काफी भावुक नजर आईं. उन्होंने उमाशंकर सिंह को अपना भाई बताया और ऐलान किया कि अगर परिवार चाहेगा तो वह उनके बेटे युकेश सिंह को राजनीति में आगे बढ़ाएंगी.

यह भी पढ़ें...

बसपा के इकलौते विधायक थे उमाशंकर सिंह

उमाशंकर सिंह की सियासत में एक अलग पहचान थी. 2022 के विधानसभा चुनाव में जब बसपा पूरे उत्तर प्रदेश में लगभग साफ हो गई थी, तब भी उमाशंकर सिंह ने रसड़ा से चुनाव जीतकर पार्टी की लाज बचाई थी. वह बसपा के टिकट पर जीतने वाले इकलौते विधायक थे. इससे पहले 2012 और 2017 में भी वह इसी सीट से लगातार चुनाव जीत चुके थे.

छात्र शक्ति से मायावती तक का सफर

उमाशंकर सिंह 2011 में राजनीति में आए थे, लेकिन लोग उन्हें राजनीति में आने से पहले से ही जानते थे. जब 2007 से 2012 तक मायावती की सरकार थी, तब लखनऊ में कई बड़े प्रोजेक्ट्स बने थे. इन प्रोजेक्ट्स में डंपर पर 'छात्र शक्ति' लिखा दिखता था. बाद में पता चला कि इस कंपनी के मालिक उमाशंकर सिंह ही हैं. इसी काम के जरिए उनकी मायावती से मुलाकात हुई थी. इसके बाद उनकी मायावती से अच्छी पहचान हो गई और 2011 में बसपा जॉइन कर ली.

मायावती को बहन मानते थे उमाशंकर

मायावती ने भावुक होकर बताया कि उमाशंकर सिंह हमेशा उन्हें अपनी सगी बहन की तरह मानते थे. उन्होंने कहा कि बिजनेसमैन अक्सर सत्ता बदलते ही पार्टी बदल लेते हैं, लेकिन उमाशंकर सिंह ने ऐसा कभी नहीं किया. हर रक्षाबंधन पर वह मायावती से राखी बंधवाने जरूर जाते थे. मायावती ने कहा है कि 'बहुत सारे लोग धोखा देकर चले गए, लेकिन इन्होंने कभी धोखा नहीं दिया.'

बेटे युकेश सिंह को मिलेगा बसपा का साथ

उमाशंकर सिंह के बेटे युकेश सिंह ने मैनेजमेंट की पढ़ाई की है और वह अपने पिता की कंपनी 'छात्र शक्ति' में सीईओ हैं. युकेश की शादी बीजेपी नेता और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की बेटी से हुई है. उमाशंकर सिंह के निधन के बाद मायावती ने कहा कि इस दुख की घड़ी में बसपा परिवार के साथ है. उन्होंने कहा, 'अगर परिवार चाहेगा तो मैं उनके बेटे युकेश को राजनीति में आगे बढ़ाऊंगी और उनके पिता की जगह पूरा सम्मान दूंगी.'

शादी में भी आशीर्वाद देने पहुंची थीं मायावती

मायावती आमतौर पर किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम या शादी-विवाह में जाना पसंद नहीं करती हैं. लेकिन उमाशंकर सिंह और उनका रिश्ता इतना गहरा था कि वह उनके बेटे युकेश सिंह की शादी में भी शामिल हुई थीं. वहां पहुंचकर उन्होंने नवदंपति (बेटे और बहू) को अपना आशीर्वाद दिया था. उमाशंकर सिंह के निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि रसड़ा विधानसभा के लोग और बसपा के कार्यकर्ता भी काफी दुखी हैं.

यह भी पढ़ें: अतीक के बेटे आबान की मौत के बाद झांसी पहुंचा भाई एहजम, भावुक होकर प्रशासन से की ये अपील