अयोध्या से टिकट मिलते ही पवन पांडे ने सबसे पहले कही ये बात, 2027 चुनाव के लिए सपा का पहला उम्मीदवार घोषित

यूपी तक

• 03:42 PM • 06 Aug 2026

समाजवादी पार्टी से अयोध्या सीट का टिकट मिलने के बाद पवन पांडे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि 2027 में अयोध्या की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी.

UP Tak
Google CTA

Pawan Pandey Reaction: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना पहला उम्मीदवार घोषित कर दिया है. अयोध्या सीट से एक बार फिर पवन पांडे पर भरोसा जताते हुए अखिलेश यादव ने उन्हें मैदान में उतारा है. टिकट मिलने के बाद पवन पांडे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि इस बार अयोध्या की जनता सत्ता बदलने का मन बना चुकी है.

यह भी पढ़ें...

टिकट मिलने के बाद आज तक से बातचीत में पवन पांडे ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी के लिए अखिलेश यादव के आभारी हैं और लगातार जनता के बीच काम कर रहे हैं. उन्होंने भाजपा सरकार पर अयोध्या की जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया और 2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा भी किया.

'जनता भाजपा को हटाएगी'

पवन पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर भरोसा जताया है, जिसके लिए वह उनका धन्यवाद करते हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार संगठन और जनता के बीच मेहनत कर रही है.

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा,

"भाजपा ने अयोध्या की जनता को ठगा है. इस बार जनता इन्हें कुर्सी से हटाने का काम करेगी."

ब्राह्मण समाज को लेकर क्या बोले?

पवन पांडे ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा समाजवादी विचारधारा के साथ रहा है. उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने हमेशा ब्राह्मण समाज को सम्मान और प्रतिनिधित्व दिया है.

उन्होंने कहा कि देवरिया बॉर्डर से लेकर गाजियाबाद तक पार्टी लगातार ब्राह्मण नेताओं को टिकट देती रही है. उन्होंने याद दिलाया कि अखिलेश यादव ने विधानसभा में अपनी कुर्सी छोड़कर माता प्रसाद पांडे को बैठाया था. पवन पांडे का दावा था कि ब्राह्मण समाज के लोगों के फर्जी एनकाउंटर हुए हैं और उन्हें निशाना बनाया गया.

'प्राण प्रतिष्ठा हुई, फिर भी जनता ने भाजपा को हराया'

पवन पांडे ने 2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर गए थे, लेकिन उसके बाद भी जनता ने भाजपा को चुनाव में हरा दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अयोध्या की जनता पर अत्याचार किए हैं. उनके शब्दों में, "भाजपा के पाप का घड़ा भर गया है. 2027 में यूपी से इन्हें पार कर दिया जाएगा."

संभल हिंसा रिपोर्ट पर भी साधा निशाना

संभल हिंसा मामले में आई रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन पांडे ने कहा कि रिपोर्ट तैयार करने वाले सत्ता के अधिकारी ही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का राजनीतिक तरीका हिंदू-मुस्लिम मुद्दों को उभारना और समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाना है.

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, वैसे-वैसे ऐसे मुद्दों को और उछाला जाएगा. उनका आरोप था कि पीडीए से जुड़े लोगों और ब्राह्मण समाज के लोगों को भी निशाना बनाया जाएगा.