प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले जुटी भीड़, पोस्टर विवाद से लेकर पुलिस अलर्ट तक; जानिए क्या है तैयारी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज में तैयारियां तेज हो गई हैं. शनिवार 8 अगस्त को शाम 5 बजे केपी ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम से पहले कांग्रेस समर्थकों, युवाओं, छात्रों, अभिभावकों और बुजुर्गों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है.

Rahul Gandhi Prayagraj Program

Rahul Gandhi Prayagraj Program

Google CTA

Rahul Gandhi Prayagraj Program: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज में तैयारियां तेज हो गई हैं. शनिवार 8 अगस्त को शाम 5 बजे केपी ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम से पहले कांग्रेस समर्थकों, युवाओं, छात्रों, अभिभावकों और बुजुर्गों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. दोपहर करीब 2 बजे तक ग्राउंड के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट चुके थे. कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. आसपास के कई चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक और भीड़ की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके. लगातार बारिश के कारण केपी ग्राउंड गीला और कीचड़ से भरा हुआ है, इसके बावजूद तैयारियां तेजी से चल रही हैं.

यह भी पढ़ें...

केपी ग्राउंड के बाहर लगे राहुल गांधी के पोस्टर

केपी ग्राउंड के आसपास कांग्रेस की ओर से बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं. इनमें ‘जॉब दो या इस्तीफा’ और 8 अगस्त 2026, शाम 5 बजे से कार्यक्रम जैसे संदेश दिखाई दे रहे हैं. पोस्टरों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तस्वीरें भी लगाई गई हैं. ग्राउंड के मेन गेट से लेकर आसपास के रास्तों तक कार्यक्रम से जुड़े बैनर लगाए गए हैं. लोगों को ग्राउंड तक पहुंचने के लिए रास्ते भी बताए गए हैं. कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार नारेबाजी की जा रही है और दूर-दराज से भी पार्टी समर्थक कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं.

पोस्टर से बढ़ा सियासी विवाद

कार्यक्रम से पहले प्रयागराज में कुछ ऐसे पोस्टर भी लगाए गए, जिनमें राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर सवाल उठाया गया. पोस्टर में पूछा गया कि राहुल गांधी झारखंड कब जाएंगे और यह संदेश दिया गया कि झारखंड उन्हें बुला रहा है. इसको लेकर कांग्रेस नेताओं से सवाल किए गए. कांग्रेस नेता गुलाब चंद्र पांडे ने कहा, “राहुल गांधी जी जहां समस्याएं होंगी, लोगों की जनभावनाओं का जहां निरादर होगा, उनके लिए राहुल गांधी जी हर जगह पूरे देश में जाने का काम कर रहे हैं. जहां-जहां लोगों पर अत्याचार होगा, राहुल गांधी जी वहां खड़े मिलेंगे.”

कांग्रेस नेता गुलाब चंद्र ने क्या कहा?

गुलाब चंद्र पांडे ने कार्यक्रम के मुद्दे पर कहा कि राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने कहा, 'जब राहुल जी ने देखा कि उनके ऊपर लाठीचार्ज हो रही है तो उन्होंने उनका समर्थन दिया.' उन्होंने छात्रों के आंदोलन और पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि छात्रों और छात्राओं के साथ लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं को लेकर राहुल गांधी का यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है और प्रयागराज में छात्रों की आवाज को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.

सड़क बनाने का काम जारी

लगातार बारिश के चलते केपी ग्राउंड की स्थिति खराब हो गई है. पूरा मैदान गीला और कई जगह पानी से भरा हुआ है. ऐसे में पंडाल तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है. मैदान के अंदर सड़क को समतल करने और उसे चलने लायक बनाने का काम जारी है. कार्यक्रम को लेकर पहले कायस्थ पाठशाला संस्था की ओर से भी आपत्ति जताई गई थी. संस्था की ओर से कहा गया था कि कार्यक्रम के कारण पढ़ाई में दिक्कत हो सकती है और इसे किसी दूसरे दिन आयोजित किया जाए. हालांकि अब कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और शाम 5 बजे इसे आयोजित किया जाना है.

हर वर्ग के मुद्दे उठाने का दावा

कांग्रेस नेता गुलाब चंद्र पांडे ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल युवाओं का मुद्दा ही नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और दूसरे वर्गों से जुड़े मुद्दे भी महत्वपूर्ण होंगे. उन्होंने किसानों की खाद, बीज और दवाइयों की कीमतों का मुद्दा उठाया. उनका दावा है कि किसान कई स्तरों पर परेशान हैं. उन्होंने कहा, “युवाओं का मुद्दा ही नहीं, किसानों का मुद्दा, व्यापारियों का मुद्दा, हर वर्ग का मुद्दा बनेगा चुनाव में क्योंकि हर वर्ग के लोग परेशान हैं.” अब प्रयागराज में होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सभी की नजर है. कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस युवाओं के बीच किस तरह का संदेश देती है और इसका राजनीतिक असर क्या होता है, यह देखने वाली बात होगी.