उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं. भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस समेत सभी दल अपने-अपने स्तर पर चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं. 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं. इसी बीच अवध और बुंदेलखंड की सीटों को लेकर ताजा सर्वे सामने आया है.
ADVERTISEMENT
न्यूज लीडर और मैटराइज के सर्वे में सामने आए आंकड़ों में भाजपा गठबंधन को बढ़त दिखाई गई है. सर्वे में एक सीट ऐसी भी है, जिसमें बसपा की जीत दिखाई गई है. आपको याद दिला दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में बसपा सिर्फ एक सीट जीत सकी थी.
जलालपुर में बसपा की जीत का अनुमान
सर्वे के मुताबिक अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट बसपा के खाते में जा सकती है. हालांकि ये सिर्फ सर्वे का अनुमान है और चुनाव का वास्तविक नतीजा मतदान और मतगणना के बाद ही सामने आएगा.
अवध की कुल 118 सीटों के जारी आंकड़ों में भाजपा गठबंधन को 77 सीटें मिलने का अनुमान है. सपा गठबंधन 40 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है, जबकि एक सीट बसपा के खाते में जाने की संभावना जताई गई है. यही एक सीट जलालपुर बताई गई है.
2022 में बसपा के खाते में आई थी सिर्फ एक सीट
पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा का प्रदर्शन काफी सीमित रहा था. 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 403 में से सिर्फ एक सीट जीती थी. सीट बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट थी... यहां बसपा के उमाशंकर सिंह ने जीत दर्ज की थी.
उमाशंकर सिंह ने रसड़ा सीट पर 87,887 वोट हासिल किए थे. उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के महेंद्र को 6,583 वोटों के अंतर से हराया था. उमाशंकर उस समय यूपी विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक थे. हालांकि अब रसड़ा सीट पर उमाशंकर सिंह विधायक नहीं हैं. अगस्त 2026 में उनके निधन के बाद सीट खाली हो गई है.
अब जलालपुर पर टिकी नजर
2022 के नतीजों में बसपा को सिर्फ एक विधानसभा सीट मिली थी. अब 2027 के चुनाव से पहले सामने आए इस सर्वे में अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट पर पार्टी की जीत का अनुमान लगाया गया है.
137 सीटों में भाजपा गठबंधन आगे
सर्वे में अवध की 118 सीटों में भाजपा गठबंधन को 77, सपा गठबंधन को 40 और बसपा को एक सीट मिलने का अनुमान है. वहीं बुंदेलखंड की 19 सीटों में भाजपा गठबंधन को 17 और सपा गठबंधन को दो सीटें मिलने की संभावना जताई गई है. दोनों क्षेत्रों की कुल 137 सीटों में भाजपा गठबंधन को 94, सपा गठबंधन को 42 और बसपा को एक सीट मिलने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT











