यूपी चुनाव से पहले ताजा सर्वे, अवध-बुंदेलखंड की 137 सीटों पर किसे मिलेगी बढ़त?

यूपी तक

• 12:33 PM • 24 Sep 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एक सर्वे में अवध और बुंदेलखंड की 137 सीटों के अनुमान जारी किए गए हैं. सर्वे के मुताबिक अवध की 118 सीटों में भाजपा गठबंधन को 77 और सपा गठबंधन को 40 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बुंदेलखंड की 19 सीटों में भाजपा गठबंधन को 17 और सपा गठबंधन को 2 सीटें मिल सकती हैं.

UP Tak
Google CTA

UP Election Survey: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं. सभी पार्टियों ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं. ग्राउंड पर भी माहौल गर्म हो चुका है. चाय की टपरी से लेकर बसों तक में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि सरकार किसकी बनने वाली है? इस बीच यूपी के दो क्षेत्रों अवध और बुंदेलखंड की सीटों को लेकर ताजा सर्वे सामने आया है. 

यह भी पढ़ें...

न्यूज लीडर और मैटराइज के सर्वे में अवध और बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों की विधानसभा सीटों को लेकर अनुमान जारी किया गया है. अब तक सामने आए 137 सीटों के आंकड़ों में भाजपा गठबंधन बढ़त में दिखाई दे रहा है. सर्वे में अवध और बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों का सीटवार अनुमान भी सामने आया है.

अवध क्षेत्र की 118 सीटों पर किसे मिलेगी बढ़त? 

अवध क्षेत्र की 118 सीटों में भाजपा गठबंधन को 77 सीटें मिलने का अनुमान है. सपा गठबंधन 40 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है, जबकि एक सीट बसपा के खाते में जाने की संभावना जताई गई है. बुंदेलखंड की 19 सीटों के आंकड़ों में भी भाजपा गठबंधन आगे है.

बुंदेलखंड की 19 सीटों में BJP गठबंधन को 17

बुंदेलखंड की कुल 19 विधानसभा सीटों में भाजपा गठबंधन को 17 सीटें मिलने का अनुमान है. सपा गठबंधन के खाते में दो सीटें जा सकती हैं. इस हिसाब से अगर आज चुनाव होते हैं तो अवध और बुंदेलखंड की कुल 137 सीटों के आंकड़ों में भाजपा गठबंधन 94 सीटों पर आगे रहेगी. सपा गठबंधन को 42 सीटें और बसपा को एक सीट मिलने की संभावना जताई गई है. 

रायबरेली से लखनऊ तक क्या है अनुमान?

जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो रायबरेली की छह सीटों में भाजपा को एक सीट और सपा गठबंधन को पांच सीटें मिलने का अनुमान है. लखनऊ की सभी नौ सीटें भाजपा के खाते में जाने की संभावना जताई गई है. यहां सपा गठबंधन का खाता खुलता नहीं दिख रहा.

लखीमपुर खीरी की आठ सीटों में भाजपा गठबंधन को छह और सपा गठबंधन को दो सीटें मिल सकती हैं. सीतापुर की नौ सीटों में भाजपा गठबंधन छह और सपा गठबंधन तीन सीटें जीत सकता है.

हरदोई की सभी आठ सीटों और उन्नाव की छह सीटों पर भाजपा गठबंधन को जीत मिलने का अनुमान है. चित्रकूट की दो सीटों में एक भाजपा गठबंधन और एक सपा गठबंधन के खाते में जा सकती है.

झांसी की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है. वहीं बहराइच की सात सीटों में भाजपा को पांच और सपा गठबंधन को दो सीटें मिलने की संभावना जताई गई है.