कौन थे भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक जिनका 38 साल की उम्र में हुआ निधन?

समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के छोटे भाई और Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया. फिटनेस, लग्जरी लाइफस्टाइल और पशु प्रेम के लिए चर्चित प्रतीक लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था.

Prateek Yadav

यूपी तक

• 08:28 AM • 13 May 2026

follow google news

भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति और अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव (38) का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया. बुधवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने कभी चुनावी मैदान में कदम नहीं रखा लेकिन वे अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल, फिटनेस के प्रति जुनून और पशु प्रेम के लिए हमेशा चर्चा में रहते थे. 

यह भी पढ़ें...

लंदन से पढ़ाई और जिम का कारोबार

मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक ने ब्रिटेन की मशहूर यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी. राजनीति में करियर बनाने के बजाय उन्होंने रियल एस्टेट और फिटनेस की दुनिया चुनी. लखनऊ में उनका 'द फिटनेस प्लानेट' नाम का जिम काफी मशहूर है. इसके साथ ही प्रतीक एक 'जीव आश्रय' नाम की संस्था चलाते थे.  इस संस्था के जरिए वे सड़कों पर घूमने वाले बीमार और स्ट्रीट डॉग्स का रेस्क्यू करते, उनके इलाज और भोजन का इंतजाम करते थे. बेजुबानों के प्रति उनका यह लगाव सोशल मीडिया पर भी अक्सर नजर आता था.

अखिलेश यादव से गहरा रिश्ता

भले ही राजनीतिक तौर पर परिवार दो अलग विचारधाराओं में बंटा नजर आया. लेकिन पारिवारिक रिश्तों की डोर हमेशा मजबूत रही. प्रतीक पिछले काफी समय से बीमार थे और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे. उस दौरान अखिलेश यादव खुद अपने भाई का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे. कुछ समय पहले सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया था. लेकिन बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई.

अपर्णा यादव का साथ

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. प्रतीक अपनी पत्नी के राजनीतिक फैसलों और उपलब्धियों में हमेशा उनके पीछे एक मजबूत स्तंभ की तरह खड़े रहे. अपर्णा यादव प्रतीक यादव की सगाई साल 2011 में हुई थी और इसी साल दिसंबर महीने में दोनों की शादी मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में हुई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये शादी काफी ज्यादा चर्चा में रही और इसमें अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार भी शामिल हुए थे. इस शादी से उनकी एक बेटी भी है. बीते कुछ समय पहले दोनों के रिश्ते के बीच अनबन की खबरें सुर्खियों में थीं. लेकिन दोनों ने सामने आकर ये साफ कर दिया था कि अब उनके बीच सबकुछ ठीक है.