UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की एक बुजुर्ग के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर खासी सुर्खियां बटोर रही हैं. होली के मौके पर सैफई से लखनऊ वापसी के दौरान अखिलेश यादव अचानक अपनी गाड़ी रुकवाकर एक दादा जी के घर पहुंचे, जहां उन्होंने न सिर्फ आशीर्वाद लिया बल्कि गुजिया और दूध का आनंद भी लिया.
ADVERTISEMENT
कौन हैं 95 वर्षीय हाकिम सिंह यादव?
हाकिम सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बचपन के मित्र हैं. हाकिम सिंह और मुलायम सिंह यादव ने सैफई के पास ही साथ-साथ हाईस्कूल की पढ़ाई की थी. वे दोनों साथ स्कूल जाते थे और बचपन की शरारतों के भी साथी रहे. 1957 में हाकिम सिंह की चकबंदी विभाग में नौकरी लगी थी. लेकिन नेताजी के साथ राजनीति करने के लिए उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था.
1967 से वे मुलायम सिंह के साथ राजनीति में सक्रिय हुए. वे चौधरी चरण सिंह को अपना गुरु मानते हैं और लंबे समय से सपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं.
अखिलेश यादव के साथ हुई गुफ्तगू
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव जब वहां से गुजर रहे थे, तो उन्होंने हाकिम सिंह को दरवाजे पर खड़ा देखा. अखिलेश तुरंत गाड़ी रुकवाकर उनके पास पहुंचे, पांव छुए और आशीर्वाद लिया. हाकिम सिंह वही बुजुर्ग हैं जिनकी गोद में अखिलेश यादव बचपन में खेले हैं. अखिलेश ने उनके घर जाकर गुजिया खाई और दूध पिया. करीब 20 मिनट तक दोनों के बीच एकांत में बातचीत हुई.
इसके बाद करीब 20 मिनट तक अखिलेश ने घर के बाहर प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठकर स्थानीय लोगों से गुफ्तगू की. कुल मिलाकर वे इस घर पर 40 मिनट रुके.
'2027 में सत्तासीन होंगे अखिलेश'
95 साल की उम्र में भी बुलंद आवाज रखने वाले हाकिम सिंह अपने पुराने मित्र के बेटे की कामयाबी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आए. उन्होंने अखिलेश यादव की सफलता की दुआ मांगी और कहा कि 2027 में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होंगे.
ये भी पढ़ें: अयातुल्ला खामेनेई की मौत पर अब अखिलेश यादव ने दिया तीखा रिएक्शन, कही ये बात
ADVERTISEMENT









