Viksit UP Baithak 2026: बैठक में ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर कसा तंज, फिर बोले- शिवपाल यादव परिवार और पार्टी के बीच दुखी

Viksit UP Baithak 2026: कानपुर में यूपी तक की 'विकसित UP बैठक' में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव, 57,694 प्रधानों को प्रशासक बनाने और 2027 के चुनाव पर खुलकर बात की.

Viksit UP Baithak

यूपी तक

• 04:13 PM • 03 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के कानपुर में यूपी Tak के विशेष और भव्य कार्यक्रम 'विकसित UP बैठक' में राज्य के दिग्गज राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और यूपी के विकास के ब्लूप्रिंट पर सीधी चर्चा कर रहे हैं. इसी कड़ी में, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने 'विकसित UP बैठक' के मंच पर शिरकत की. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मंच से विपक्षी दलों पर जमकर राजनीतिक तीर चलाए, कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर अपनी बात रखी और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा दावा किया. इसके साथ ही उन्होंने यूपी में होने वाले पंचायत चुनावों, जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया में बड़े बदलाव के संकेत भी दिए.

यह भी पढ़ें...

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ग्रामीण स्थानीय निकायों में धनबल और बाहुबल को रोकने के लिए एक बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर एक लिखित प्रस्ताव सौंपा है.

राजभर ने कहा, "मैंने गृह मंत्री और प्रधानमंत्री जी के सामने मांग रखी है कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों का चुनाव धनबल और बाहुबल से जीता जाता है, इसे रोकने के लिए यह चुनाव सीधे जनता के वोट द्वारा कराया जाना चाहिए. उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि वे भी इस बात के पक्ष में हैं. चूंकि यह राष्ट्रीय स्तर का मामला है, इसलिए पूरे देश के लिए एक शासनादेश (जियो) लाने पर विचार चल रहा है."

यूपी के 57694 प्रधानों के लिए बड़ा फैसला, पिछड़े वर्ग आयोग का गठन

यूपी में पंचायत चुनावों में हुई देरी और वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि चुनाव समय पर कराने की पूरी तैयारी थी, लेकिन समाजवादी पार्टी के लीगल सेल के एडवाइजर ने अखिलेश यादव के कहने पर हाई कोर्ट में मुकदमा कर दिया.

राजभर ने कहा, "हाई कोर्ट के आदेश पर हमने पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन कर दिया है. वर्तमान प्रधानों के संबंध में हमने उत्तराखंड समेत कई राज्यों की व्यवस्था का जायजा लेकर एक प्रस्ताव बनाया और प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त करा दिया. इस फैसले से पूरे उत्तर प्रदेश के 57694 प्रधान बेहद खुश हैं और सरकार को धन्यवाद दे रहे हैं. इसका सीधा लाभ हमें 2027 के चुनाव में भरपूर वापस मिलेगा."

समोसा खाने और ट्वीट करने से वोट नहीं मिलता, पूर्वांचल के 28 जिलों में की मेहनत

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोलते हुए ओम प्रकाश राजभर ने उन्हें 'एसी से ट्वीट करने और पीसी करने वाला' नेता बताया. उन्होंने कहा कि कानपुर आकर समोसा-कचौड़ी खाने और उस पर गीत गाने से वोट नहीं मिलता. वोट तब मिलता है जब गांव में बैठी बूढ़ी मां और बूढ़े बाप के दरवाजे पर जाकर उनके सुख-दुख को समझा जाए.

उन्होंने बताया, "भारतीय जनता पार्टी और हम लोग 14 साल की लंबी मेहनत के बाद जनता के बीच संपर्क बनाकर यहां तक पहुंचे हैं. मैंने खुद पूर्वांचल के 28 जिलों (आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बनारस, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर आदि) के एक-एक गांव का दौरा किया है. बड़े गांवों में मैं 4, 5 या 6 बार खुद गया हूं, तब जाकर जनता हमारे साथ खड़ी हुई है."

सपा के 'गढ़' पर सवाल उठाते हुए राजभर ने गंभीर आरोप लगाया कि जब भी कोई आतंकवादी घटना होती है, तो आतंकवादी सपा के गढ़ आजमगढ़ में ही पकड़ा जाता है. या तो सपा वाले उन्हें संरक्षण देते हैं या वे वहां छिपते हैं. एटीएस (ATS) वहीं जाकर उन्हें पकड़ती है.

'खाता न बही, जो अखिलेश कहें वही सही'

जब राजभर से पूछा गया कि सपा उन पर केवल अपने बेटों की पार्टी चलाने का आरोप लगा रही है, तो उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी में ब्राह्मण, राजपूत, भूमिहार, यादव, पटेल, निषाद, बिंद, केवट, मल्ला, मांझी, मजवार, तुरहा, मौरिया और चौहान समेत सभी समाज के लोग शामिल हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि संडीला से 2022 का चुनाव लड़ चुके उनके प्रदेश अध्यक्ष सुनील अर्कवंशी इस समय राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं.

सपा में मौजूद राजभर नेताओं को 'लोडर' बताते हुए उन्होंने तंज कसा, "जो लोडर 10 टिकट बांटने का दावा कर रहा था, उसे मुश्किल से खुद एक टिकट मिला. वह अभी अखिलेश जी को नहीं जानता, वहां 'खाता न बही, जो अखिलेश कहें वही सही' चलता है."

नीट और 69000 शिक्षक भर्ती पर दी सफाई

छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए राजभर ने कहा कि जब देश के 140 करोड़ लोगों के विश्वास पात्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद नीट (NEET) परीक्षा के मामले को अपने हाथ में ले लिया है और अधिकारियों को हटाकर जिम्मेदारी ली है, तो सूर्य के सामने दीपक दिखाने की जरूरत नहीं है.

वहीं, 69,000 शिक्षक भर्ती के मामले पर उन्होंने कहा कि वे खुद मुख्यमंत्री से तीन बार मिले और मामला सुलझने ही वाला था कि तभी शिक्षक अभ्यर्थियों के 6 यूनियनों में से एक व्यक्ति हाई कोर्ट चला गया. मुख्यमंत्री महाधिवक्ता और एडीजे के साथ बैठकर बात करने को तैयार थे, लेकिन मामला अब सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. संवैधानिक पद पर होने के कारण वे कोर्ट के अधीन मामले पर टिप्पणी नहीं कर सकते.

योगी मॉडल की देश में धूम, 8 घंटे का सफर अब 3 घंटे में

उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल की तारीफ करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ का 'योगी मॉडल' और 'बुलडोजर नीति' आज बिहार और बंगाल तक पहुंच चुकी है. सपा के कार्यकाल में मात्र दो एक्सप्रेसवे थे, जबकि आज यूपी में एक्सप्रेसवे का जाल बिछ चुका है और ग्रामीण इलाकों के 90% संपर्क मार्ग आरसीसी या खरंजा बन चुके हैं. 18 मंडलों में 'अटल आवासीय विद्यालय' खोले गए हैं, जहां मनरेगा मजदूरों के बच्चे मुफ्त पढ़कर डॉक्टर, इंजीनियर और कलेक्टर बनेंगे. प्रदेश के 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अस्पताल बन चुके हैं.

विकास का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले वे बलिया से 8 घंटे में लखनऊ आते थे, लेकिन आज बेहतरीन सड़कों के कारण मात्र 3 घंटे में बलिया से लखनऊ की दूरी तय हो जाती है. मरीज भी 3 घंटे में लखनऊ इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. गंगा एक्सप्रेसवे के बनने से दिल्ली-लखनऊ का सफर भी सुगम हुआ है.

2027 में बंपर जीत का दावा, शिवपाल और अफजाल पर कही ये बात

आगामी 2027 के चुनाव पर बात करते हुए राजभर ने दावा किया कि वे अतरौलिया सीट पर रहकर आजमगढ़ की सभी 10 सीटों (दीदारगंज, मेनगर, लालगंज, सदर, गोपालगंज आदि) को जीतने की तैयारी कर रहे हैं. भाजपा के साथ गठबंधन में सीटों को लेकर कोई झगड़ा नहीं है और वे 2017 से भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे.

उन्होंने शिवपाल यादव को लेकर कहा कि वे पुराने मित्र हैं, बातचीत होती रहती है, लेकिन वे परिवार और सपा के बीच दुखी हैं. वहीं गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी द्वारा उन्हें 'अच्छा दोस्त' बताए जाने पर राजभर ने सहमति जताई और कहा कि हमारी दोस्ती अपनी जगह है और राजनीति अपनी जगह. 2027 में उत्तर प्रदेश में एकतरफा भाजपा गठबंधन की सरकार बनेगी.