Viksit UP Baithak 2026: बैठक में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव बोले- बुंदेलखंड से खत्म हुआ पानी का हाहाकार, 2.41 करोड़ घरों तक पहुंचा नल से जल

Viksit UP Baithak 2026: कानपुर में आयोजित यूपी तक की 'विकसित UP बैठक' में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुंदेलखंड जल संकट, 76,000 किमी नहरों की सफाई और 2027 के चुनाव पर साझा किए अहम आंकड़े.

UP Tak Viksit UP Baithak

यूपी तक

• 01:18 PM • 03 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज यानी 3 जून को यूपी Tak के विशेष और भव्य कार्यक्रम 'विकसित UP बैठक' का आयोजन चल रहा है. इस कार्यक्रम में राज्य के दिग्गज राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और यूपी के विकास के ब्लूप्रिंट पर सीधी चर्चा कर रहे हैं. इसी क्रम में, कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण सत्र में यूपी के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शिरकत की. जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 'विकसित UP बैठक' के मंच से प्रदेश में जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर कई बड़ी बातें कहीं. उन्होंने विशेष रूप से बुंदेलखंड में पानी के संकट के खात्मे, 'हर घर नल योजना' की जमीनी हकीकत और जापानी बुखार पर पाए गए काबू को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा दिया.

यह भी पढ़ें...

यूपी Tak के विशेष मंच पर जब विकास और जल प्रबंधन को लेकर सवाल हुए, तो जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि 17 के पहले उत्तर प्रदेश दंगों, भ्रष्टाचार और लूट का प्रदेश था, जहां कोई निवेश नहीं करना चाहता था. आज यह राज्य निवेश और बेहतरीन जल प्रबंधन का प्रदेश बन चुका है. गुंडागर्दी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है.

बुंदेलखंड के बैराज सिल्ट से मुक्त, 76000 किलोमीटर नहरों का सुदृढ़ीकरण

सिंचाई व्यवस्था पर बात करते हुए जल शक्ति मंत्री ने बताया कि आज बुंदेलखंड के लगभग सभी डैम और बैराज सिल्ट से पूरी तरह मुक्त हैं. सिंचाई विभाग ने 50-50 फीट नीचे पानी के अंदर जाकर गेट बदलने और सीपेज को बंद करने का ऐतिहासिक काम किया है, जिससे लाखों लीटर पानी बर्बाद होने से बच रहा है.

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के अंदर लगभग 76,000 किलोमीटर के लगभग नहरें हैं. जब उन्होंने विभाग संभाला, तो राठ और हमीरपुर जैसी जगहों पर नहरे पटी हुई थीं और लगभग 10 से 11 हजार टेलों पर पानी नहीं पहुंचता था. आज हरिद्वार के भीमगोड़ा बैराज से पानी उठाकर कौशंबी तक लाया जा रहा है, जिससे बिजनौर, मुरादाबाद, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया और कानपुर देहात जैसे जिलों में टेल तक पानी पहुंच रहा है. इसके अलावा यमुना, गंडक, शारदा और सरयू नदियों के जरिए मऊ तक सुचारू रूप से पानी की सप्लाई दी जा रही है.

जल जीवन मिशन: 5 सालों में 5 लाख से 2.41 करोड़ कनेक्शन तक का सफर

नल-जल योजना के दावों पर बात करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2019 के पहले बुंदेलखंड में ट्रेन और टैंकरों से पानी आता था, जमीनें फटती थीं और लोग सूखे से मरते थे. आज वहां कहीं भी पानी को लेकर हाहाकार नहीं है.

उन्होंने चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए बताया:

  • वर्ष 2019 तक पूरे राज्य में मात्र 5 लाख (5 Lakh) घरों में नल का कनेक्शन था.
  • पिछले 5 सालों (2019 से 2024) के भीतर 2 करोड़ 41 लाख (2.41 Crore) घरों में नल का कनेक्शन दिया जा चुका है.
  • राज्य के 37,000 गांवों में सुबह-शाम पानी की सप्लाई दी जा रही है और 27,000 गांवों की जल समितियों व प्रधानों ने लिखित में प्रमाणित किया है कि उनके यहाँ पानी आ रहा है.
  • पाइप टूटने या सड़कों के निर्माण के कारण आने वाली आंशिक दिक्कतों को विभाग तेजी से दूर कर रहा है.

जापानी बुखार का खात्मा और आर्सेनिक-फ्लोराइड से मुक्ति

जल शक्ति मंत्री ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में जल जीवन मिशन के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि गंदे पानी के कारण होने वाले जापानी बुखार (JE) को अब 0% (शून्य प्रतिशत) पर ला दिया गया है. गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में अब इस बीमारी से किसी की जान नहीं जाती.

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 36 जनपदों के 1,046 प्रभावित गांवों में से 749 गांवों में काम पूरा हो चुका है. आर्सेनिक से प्रभावित 20 जनपदों के 738 गांवों में से 559 गांवों में अब पूरी तरह टेस्टेड और शुद्ध पानी दिया जा रहा है. वहीं फ्लोराइड से प्रभावित 53 जिलों के 1,460 गांवों को सरफेस वाटर (सतही जल) से जोड़कर राहत दी गई है. इसके अलावा, बलिया, बलिया आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा और उन्नाव जैसे इलाकों में भूजल खराब होने के कारण हरिद्वार से गंगा जी का पानी पाइपलाइन के जरिए पहुंचाने की योजना पर काम चल रहा है.

नदियों का पुनरुद्धार और भूजल स्तर में सुधार

भूजल स्तर को सुधारने के लिए बुंदेलखंड में खेत-तालाब और अमृत सरोवरों का निर्माण कराया गया है. पहाड़ी व पथरीले क्षेत्रों जैसे सोनभद्र में विभाग द्वारा 7,445 ब्लास्ट कुप के लिए ₹1 लाख की सहायता दी जा रही है. नमामी गंगे परियोजना के तहत गंगा जी को पूरी तरह साफ किया गया है, जिसके चलते आज गंगा नदी में 2,397 डॉल्फिन पाई गई हैं.

उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 64 नदियों के उद्धार का काम मनरेगा के माध्यम से शुरू किया गया था, जिसमें से 14 नदियों पर काम पूरी तरह कंप्लीट हो चुका है और 14 अन्य पर काम चल रहा है. राजधानी लखनऊ में गोमती नदी की सफाई के लिए नगर निगम और जल शक्ति विभाग मिलकर नए ट्रीटमेंट प्लांट लगा रहे हैं.

2027 चुनाव पर दावा: देश से वंशवाद खत्म, यूपी में बनेगी एकतरफा सरकार

राजनीतिक चर्चा और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया कि भाजपा 2027 में बंपर बहुमत के साथ एकतरफा सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि 2026 आते-आते देश से नक्सलवाद पूरी तरह जीरो हो चुका है. आदरणीय मोदी जी के 'वंशवाद मुक्त' और 'आतंकवाद मुक्त' भारत के नारे को जनता का पूरा आशीर्वाद मिल रहा है.

जब उनसे कुर्मी बिरादरी, दलित और ओबीसी वोट बैंक की 2024 में कथित नाराजगी पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि भाजपा का जनसंघ के जमाने से अपना मजबूत वोट बैंक है और किसी भी समाज ने भाजपा का साथ नहीं छोड़ा है. विपक्ष का 'पीडीए' (PDA) का नारा पूरी तरह फेल साबित होगा और आगामी चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे और उनके मजबूत नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा.