'चुनाव विकास से नहीं, तिकड़म से जीते जाते हैं...' BJP विधायक श्याम प्रकाश के बयान के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला हमला

यूपी तक

01 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Shyam Prakash on Election: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भाजपा विधायक श्याम प्रकाश का एक बयान राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है.

Hardoi BJP MLA Shyam Prakash

Hardoi BJP MLA Shyam Prakash (File Photo)

Google CTA

BJP MLA Shyam Prakash News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भाजपा विधायक श्याम प्रकाश का एक बयान राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है. गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्याम प्रकाश ने टड़ियावां ब्लॉक में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान चुनावी राजनीति को लेकर खुलकर अपनी राय रखी. उनके बयान का वीडियो और चर्चा अब राजनीतिक गलियारों में तेजी से फैल रही है. वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है.

यह भी पढ़ें...

सम्मान समारोह में दिया बयान

शनिवार को टड़ियावां ब्लॉक परिसर में ग्राम प्रधानों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे. कार्यक्रम ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में छह महीने की बढ़ोतरी के फैसले के स्वागत के लिए आयोजित किया गया था. इस दौरान विधायक श्याम प्रकाश ने प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव केवल विकास कार्यों के आधार पर नहीं जीते जाते, बल्कि राजनीतिक तिकड़म और रणनीति भी अहम भूमिका निभाती है.. उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई गांवों में सड़क और अन्य विकास कार्य कराने के बावजूद उन्हें वहां से अपेक्षित समर्थन नहीं मिला.

चुनावी रणनीति पर की टिप्पणी

भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने मंच से प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी पंचायत चुनावों को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दें. उन्होंने कहा, “श्याम, दाम, दंड, भेद जो भी तिकड़म कर पाना कर लेना, लेकिन अगला चुनाव जीतना है.”हालांकि विधायक ने प्रधानों को यह भी नसीहत दी कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे भाजपा सरकार का प्रधानों पर से विश्वास उठ जाए. उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके. प्रधानों के कार्यकाल में छह माह की बढ़ोतरी के फैसले का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में मौजूद प्रधानों ने खुशी जताई और विधायक श्याम प्रकाश का फूल-मालाओं एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया. 

बयान पर सियासी घमासान

विधायक का यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी विधायक के बयान को लेकर भाजपा पर हमला बोला है. उनके बयान के बाद यह मामला राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया है. फिलहाल भाजपा विधायक की टिप्पणी को लेकर क्षेत्र में चर्चा जारी है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज हो सकती हैं.