Viksit UP Baithak 2026: 'विकसित UP बैठक' में डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान- सूर्या चौहान हत्याकांड और नोएडा के विकास पर कही ये बड़ी बातें

Vikasit UP Baithak 2026: कानपुर में यूपी तक की 'विकसित UP बैठक' 3 जून को शुरू. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड, नोएडा के सैमसंग प्लांट और यूपी के ₹5,000 करोड़ के स्वास्थ्य बजट पर खुलकर की बात.

Viksit UP Baithak 2026

कुमार अभिषेक

03 Jun 2026 (अपडेटेड: 03 Jun 2026, 01:22 PM)

follow google news

उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज यानी 3 जून को यूपी Tak के विशेष और भव्य कार्यक्रम 'विकसित UP बैठक' का शानदार आगाज हो चुका है. इस हाई-प्रोफाइल मंच पर सूबे के दिग्गज राजनेताओं और शीर्ष अधिकारियों द्वारा उत्तर प्रदेश के विकास, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के ब्लूप्रिंट पर सीधी चर्चा की जा रही है. कार्यक्रम के एक मुख्य सत्र में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शिरकत की. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंच से विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने खासकर नोएडा के विकास और गाजियाबाद के बहुचर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद हुई कार्रवाई को लेकर सरकार की नीति बिल्कुल साफ की.

यह भी पढ़ें...

'विकसित UP बैठक' के मंच पर जब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और एनकाउंटर पॉलिसी पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए गाजियाबाद के बहुचर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र किया. ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "गाजियाबाद की घटना में जो बेटा था, सूर्या चौहान, उसकी हत्या क्यों हुई? वह ईद के दिन दोस्तों के साथ गया था, आपस की अनबन रही और उसकी हत्या कर दी गई. तो क्या हत्या करने वाले उस गुंडे या माफिया को महिमामंडित किया जाएगा? बिल्कुल नहीं! उसके खिलाफ जो एक्शन हुआ वह बिल्कुल ठीक हुआ."

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कोई जाति या धर्म देखकर न तो बुल्डोजर चल रहा है और न ही एनकाउंटर हो रहा है. कानून की देवी की आंख पर पट्टी बंधी होती है, कानून सबके लिए बराबर है. जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

नोएडा से हो रहा दुनिया का स्क्रीन निर्माण, लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल

प्रदेश के औद्योगिक और तकनीकी विकास को शोकेस करते हुए ब्रजेश पाठक ने नोएडा और बुंदेलखंड का विशेष रूप से जिक्र किया. उन्होंने कहा, "आज दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल कंपनी सैमसंग हमारे नोएडा में स्थापित है. दुनिया में लोग जो भी स्क्रीन इस्तेमाल कर रहे हैं, वह सब नोएडा में ही बन रही है."

इसके साथ ही उन्होंने डिफेंस सेक्टर पर बात करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है. बुंदेलखंड जिसे लोग पिछड़ा मानते थे, वहां आज डिफेंस गलियारा तेजी से प्रगति कर रहा है. जब पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों के आकाओं ने हमारे बेटों के खून से धरती को रंगा, तो लखनऊ में बनी इसी ब्रह्मोस मिसाइल ने बदला लेकर उनके आकाओं को नष्ट करने का काम किया. आज उत्तर प्रदेश जीएसटी (GST) कलेक्शन में पूरे देश में सिर्फ महाराष्ट्र से पीछे है और दूसरे नंबर पर मजबूती से खड़ा है.

17 से अब तक हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ी छलांग, 5000 करोड़ का बजटीय प्रावधान

डिप्टी सीएम, जिनके पास स्वास्थ्य विभाग का भी प्रभार है, उन्होंने यूपी के स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक राज्य के हेल्थ सेक्टर में अभूतपूर्व सुधार हुआ है.

डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य विभाग के निम्नलिखित प्रमुख आंकड़े प्रस्तुत किए:

  • प्रदेश में 5,000 की आबादी पर 25,000 से अधिक स्वास्थ्य उप केंद्र (स्वास्थ्य आरोग्य मंदिर) संचालित हैं, जहां 14 प्रकार की पैथोलॉजी जांच और 95 प्रकार की दवाइयां निशुल्क हैं.
  • राज्य में 3,000 से अधिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और 950 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पूरी तरह क्रियाशील हैं.
  • जिला स्तर पर 100 से अधिक और विशेष श्रेणी के 200 से अधिक अस्पताल इलाज दे रहे हैं.
  • उत्तर प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में सालाना 50 करोड़ से अधिक पेशेंट आ रहे हैं. प्रतिदिन ओपीडिया (OPD) में 1.75 लाख (पौने दो लाख) मरीज, 8,000 से अधिक एक्सीडेंटल केस और 12,000 से अधिक गंभीर रोगी आ रहे हैं, जिनका निशुल्क इलाज हो रहा है.
  • प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या आजादी से लेकर 2017 तक मात्र 40 थी (जिसमें 17 निजी और 23 सरकारी थे), जो अब बढ़कर 81 (दो और जुड़ने के बाद कुल 83) हो चुकी है. एमबीबीएस (MBBS) की सीटें 5,000 से बढ़कर 12,500 के लगभग पहुंच चुकी हैं.

उन्होंने मल्टीऑर्गन फेल्योर के मरीजों को बचाने के लिए कॉटनिक केयर की दिशा में कदम बढ़ाने की बात कही, जिसके लिए 5,000 करोड़ का बजटीय प्रावधान कर पीजीआई (PGI) को नोडल एजेंसी बनाया गया है. इसके अलावा, प्रदेश के 75 के 75 जिलों में डायलिसिस और सिटी स्कैन की सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं.

2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा: 'काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती'

राजनीतिक स्वास्थ्य और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में 2017 वाला प्रचंड बहुमत का इतिहास दोबारा दोहराएगी. विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोगों ने महिलाओं को ₹8,400 देने के नाम पर एनजीओ के जरिए फॉर्म भरवाए, लेकिन चुनाव बाद महिलाएं उनके दफ्तरों पर प्रदर्शन कर रही हैं कि पैसा कहां है? उन्होंने साफ कहा कि 'काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है.' बीजेपी तुष्टीकरण की नहीं, बल्कि सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर चलती है और 2027 में पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी.