TMC सांसद सयानी घोष ने जताई सुरक्षा की चिंता, UP के बीजेपी नेता पर लगाए ये आरोप

TMC leader Sayani Ghosh News: पश्चिम बंगाल की टीएमसी नेता और सांसद सयानी घोष ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.

TMC MP Sayani Ghosh (File Photo)

यूपी तक

• 07:14 PM • 19 May 2026

follow google news

Sayani Ghosh News: पश्चिम बंगाल की टीएमसी नेता और सांसद सयानी घोष ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद के एक नगर पालिका चेयरमैन और बीजेपी नेता ने सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ गंभीर टिप्पणी की है. उन्होंने दावा किया कि उनके सिर कलम करने वाले को इनाम देने जैसी बात कही गई, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्टों में भी हो रही है.

यह भी पढ़ें...

सयानी घोष ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत अन्य नेताओं से सवाल पूछे हैं. उन्होंने कहा कि क्या किसी महिला और मौजूदा सांसद के खिलाफ ऐसी टिप्पणी को 'नारी शक्ति वंदन' की भावना से जोड़ा जा सकता है.

अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि एक तरफ महिलाओं की सुरक्षा और प्रतिनिधित्व को राजनीतिक मुद्दा बनाया जाता है, वहीं दूसरी तरफ एक महिला जनप्रतिनिधि को खुले तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप सामने आ रहा है. पोस्ट के ही जरिए सयानी घोष ने पश्चिम बंगाल पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने संबंधित बीजेपी सदस्य के खिलाफ कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई की मांग भी उठाई है.

अपने संदेश के अंत में सयानी घोष ने उन लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि वह संसद के अंदर और बाहर अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत अपनी बात रखती रहेंगी और किसी दबाव में चुप नहीं बैठेंगी.