आखिरी बार सार्वजनिक रूप से अखिलेश यादव संग कब नजर आए थे प्रतीक? तब अपर्णा भी थीं संग

Prateek Yadav Death News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक भावुक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के निधन के बाद अब उनका एक पुराना वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है.

प्रतीक यादव शादी में शामिल होने पहुंचे थे

समर्थ श्रीवास्तव

13 May 2026 (अपडेटेड: 13 May 2026, 12:05 PM)

follow google news

Prateek Yadav Death News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक भावुक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के निधन के बाद अब उनका एक पुराना वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. इस वीडियो में प्रतीक यादव अपनी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के साथ सैफई में एक पारिवारिक समारोह में नजर आ रहे हैं. वीडियो में दोनों समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं. प्रतीक यादव के निधन के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर भावुक हो रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

दरअसल, यह वीडियो 25 नवंबर 2025 का बताया जा रहा है, जब सैफई में मुलायम सिंह यादव के तीसरे भाई राजपाल यादव के बेटे आर्यन यादव की शादी का समारोह आयोजित हुआ था. आर्यन यादव की शादी सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट की वकील सेरिंग से हुई थी, जो लद्दाख के रिंगजन अंगचुक की बेटी हैं. इस पारिवारिक समारोह में यादव परिवार के लगभग सभी सदस्य मौजूद थे. इसी दौरान प्रतीक यादव और अपर्णा यादव भी समारोह में पहुंचे थे. वायरल वीडियो में दोनों बेहद सहज अंदाज में अखिलेश यादव से मिलते और आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं.

रिश्तों को लेकर चल रही थीं चर्चाएं

बीते कुछ समय से प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के रिश्तों को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं. सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में दोनों के बीच मतभेद और तलाक की अटकलें भी लगाई जा रही थीं. हालांकि मार्च महीने में दोनों परिवार के साथ आइसलैंड ट्रिप पर गए थे. उस दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे. तस्वीरों में प्रतीक, अपर्णा और उनकी बेटी एक साथ खुश नजर आए थे. इन तस्वीरों को खुद प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसके बाद लोगों ने माना कि परिवार के बीच सबकुछ सामान्य है.

बुधवार सुबह बिगड़ी थी तबीयत

प्रतीक यादव को बुधवार सुबह गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सुबह 5:55 बजे उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. उस समय उनकी पल्स नहीं चल रही थी और आंखें पूरी तरह फिक्स थीं. डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया, लेकिन जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्र पांडेय के अनुसार मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल हार्ट अटैक या किसी अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

कई दिनों से चल रहे थे बीमार

सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव पिछले कई दिनों से बीमार थे. कुछ समय पहले उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था. हालत में सुधार होने के बाद उन्हें घर ले जाया गया था, लेकिन बुधवार सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. बीमारी के दौरान अखिलेश यादव भी अस्पताल पहुंचे थे और डॉक्टरों से स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. प्रतीक यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर श्रद्धांजलि दी.

राजनीति से दूर लेकिन चर्चा में रहते थे प्रतीक

प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन वह देश के सबसे चर्चित राजनीतिक परिवारों में शामिल थे. वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी और बाद में रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़ गए. लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम चलाते थे. फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे. इसके अलावा वह पशु प्रेम के लिए भी जाने जाते थे और ‘जीव आश्रय’ नाम से संस्था चलाते थे, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज और देखभाल का काम करती है.