प्रतीक के निधन से कुछ दिन पहले ही अखिलेश यादव ने उनसे अस्पताल में की थी मुलाकात, अब बड़े भाई ने शेयर की ये इमोशनल पोस्ट

Prateek Yadav Death News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाई प्रतीक यादव के निधन पर भावुक पोस्ट साझा कर श्रद्धांजलि दी. लंबे समय से बीमार प्रतीक का लखनऊ में निधन हुआ. मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान अखिलेश लगातार उनके संपर्क में बने हुए थे.

Akhilesh and Prateek

यूपी तक

13 May 2026 (अपडेटेड: 13 May 2026, 10:15 AM)

follow google news

Akhilesh Yadav Emotional Post: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है. प्रतीक पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनके संघर्ष के दौरान बड़े भाई अखिलेश यादव लगातार उनके संपर्क में थे. प्रतीक के अंतिम समय से कुछ दिन पहले ही अखिलेश यादव ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना था. अब प्रतीक के निधन के बाद अखिलेश यादव ने एक तस्वीर शेयर करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी है.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव का इमोशनल पोस्ट

प्रतीक के निधन की खबर मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताया है. उन्होंने प्रतीक की एक रफ एंड टफ लुक वाली तस्वीर साझा करते हुए लिखा 'श्री प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुखद है! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें. हमारी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि!'. 

मेदांता में हुई थी भाइयों की मुलाकात

प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे जिसके चलते उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस दौरान अखिलेश यादव खुद अस्पताल पहुंचे थे और डॉक्टरों से प्रतीक के इलाज के बारे में विस्तार से चर्चा की थी. कुछ दिन पहले ही डॉक्टरों ने सुधार देखते हुए प्रतीक को घर ले जाने की सलाह दी थी, जिससे परिवार को उम्मीद बंधी थी कि वे जल्द स्वस्थ हो जाएंगे. लेकिन बुधवार सुबह अचानक किस्मत ने करवट बदली और वे सदा के लिए बिछड़ गए.

सैफई में आखिरी बार साथ दिखा था कुनबा

प्रतीक यादव को सार्वजनिक रूप से आखिरी बार अपने भाई अखिलेश यादव के साथ 25 नवंबर 2025 को सैफई में देखा गया था. मौका था एक पारिवारिक विवाह का जहां प्रतीक अपनी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के साथ पहुंचे थे. उस दौरान पूरा परिवार एकजुट नजर आया था और भाई-भाई के बीच की यह केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रही थी.

अचानक बिगड़ी तबीयत के बाद मौत

सूत्रों के अनुसार, मेदांता से घर लौटने के बाद बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक की तबीयत फिर से खराब हुई. उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो चुका था. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.