रिश्ता हुआ शर्मसार! 17 साल के भतीजे को डराकर कराती रही यह काम, शादी के दबाव ने खोला राज

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक 30-40 वर्षीय महिला ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर अपने ही 17 वर्षीय नाबालिग भतीजे का ढाई साल तक यौन शोषण किया है.

यूपी तक

• 07:59 PM • 23 Jun 2026

follow google news

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के इग्लास इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोकलाज और रिश्तों की मर्यादा को खत्म कर दिया है. यहां एक 30-40 साल की महिला जो रिश्ते में चाची लगती है. उसके ऊपर अपने ही 17 साल के नाबालिग भतीजे को ब्लैकमेल कर ढाई साल तक जबरन यौन शोषण करने का आरोप लगा है. आरोप है कि महिला जेल भेजने की धमकी देकर लगातार लड़के के साथ अवैध संबंध बनाती रही. जब महिला ने शादी का दबाव बनाना शुरू किया, तब जाकर पीड़ित किशोर ने तंग आकर परिजनों को आपबीती बताई. इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चाची को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

खेत में बुलाकर की छेड़खानी

पीड़ित लड़के ने बताया कि यह मामला करीब ढाई साल पहले शुरू हुआ था. जब वह खेत में काम करने जाता था, तो उसकी पड़ोस में रहने वाली चाची वहां आ जाती थी. उसने वहीं पर किशोर के साथ छेड़खानी की थी और अपना नंबर देकर उसे बार-बार बुलाने लगी थी. लड़का उसकी हरकतों का विरोध करता था और उसके पास नहीं जाना चाहता था.

जेल भिजवाने की देती थी धमकी

जब किशोर महिला के पास जाने से मना करता था, तो वह उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देती थी. पीड़ित ने बताया कि वह कहती थी कि 'अगर तू मेरे पास नहीं आएगा, तो मैं पुलिस चौकी में रिपोर्ट कर दूंगी.' बदनामी और पुलिस के खौफ में आकर किशोर मजबूरन उसकी बातें मानता रहा. इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी चाची ने ढाई साल तक नाबालिग भतीजे का शारीरिक शोषण किया था.

शादी का दबाव बनाया तो खुला राज

ढाई साल तक शोषण करने के बाद भी जब चाची की सनक कम नहीं हुई, तो उसने किशोर पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. वह लगातार कहती थी कि 'मुझसे शादी कर ले, वरना तुझे जेल में सड़ा दूंगी.' महिला के चार बच्चे भी हैं. रोज-रोज की इस प्रताड़ना और शादी के दबाव से तंग आकर करीब 10 दिन पहले लड़के ने हिम्मत जुटाई और रो-रोकर अपने घरवालों को पूरी आपबीती सुना दी थी.

आरोपी चाची सलाखों के पीछे पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई थी. लड़के की मां और बहन ने बताया कि महिला लगातार घर आकर शादी का दबाव बना रही थी और जेल भिजवाने की धमकी दे रही थी. परिजनों ने तुरंत इग्लास थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन दबिश दी और आरोपी चाची को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही पीड़ित किशोर का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. अब कानून का डर दिखाने वाली वह चाची खुद सलाखों के पीछे पहुंच गई है.