अंबेडकर नगर में IPS की मां की मौत पर सियासत तेज! अखिलेश यादव और मायावती ने सरकार पर कसा ये तंज

यूपी तक

• 12:09 PM • 17 Aug 2026

IPS Officer Mother Death: अंबेडकर नगर में वरिष्ठ IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. शुरुआती तौर पर लूट और हत्या की आशंका जताई गई है. लेकिन पुलिस ने हत्या की थ्योरी से इनकार कर दिया है

Google CTA

IPS Officer Mother Death: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की बुजुर्ग मां की मौत ने पूरे राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. शुरुआती खबरों में इसे घर में घुसकर की गई लूट और हत्या का मामला बताया जा रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर जोरदार हमला बोला है. पुलिस ने इस मामले में हत्या की थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है.

यह भी देखें...

क्या है पूरा मामला?

यह घटना अंबेडकर नगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के धवरुवा गांव की है. यहां लखनऊ में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय बुजुर्ग मां घर में अकेली रहती थीं. रविवार सुबह जब देखभाल करने वाली महिला घर पहुंची, तो दरवाजा बाहर से बंद था. स्थानीय लोगों की मदद से जब दरवाजा खोला गया, तो बुजुर्ग महिला का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला.

मुंह में कपड़ा और गहने गायब

शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है. शुरुआती जांच और परिवार वालों के अनुसार, महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और उनके शरीर से पहने हुए सारे गहने गायब थे. इसी आधार पर आशंका जताई गई कि किसी ने घर में घुसकर लूटपाट की है और फिर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी.

अखिलेश यादव ने उठाए कड़े सवाल

आईपीएस अधिकारी के घर हुई इस घटना पर अखिलेश यादव ने सीधे यूपी पुलिस की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने एक्स पर लिखा, "अंबेडकर नगर में एक आईपीएस अधिकारी की माताजी की हत्या का दुखद समाचार आया है. उत्तर प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है."

मायावती ने भी सरकार को घेरा

बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस घटना को लेकर चिंता जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "ऐसी जघन्य घटना को लेकर लोगों की आशंका बिल्कुल जायज है कि जब पुलिस अधिकारी का परिवार ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? सरकार को इस घटना का तुरंत संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए."

पुलिस ने हत्या की बात नकारी

सियासी हंगामे के बीच पुलिस ने हत्या की बात को पूरी तरह से नकार दिया है. पुलिस का कहना है कि रमेश चंद्र मिश्रा नाम के एक व्यक्ति ने पहले पुलिस को सूचना दी थी कि माताजी का निधन हार्ट अटैक से हुआ है. लेकिन बाद में आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने लूट और हत्या का शक जताया है.

पोस्टमार्टम में नहीं मिले चोट के निशान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फॉरेंसिक टीम और अधिकारियों ने जब शव की जांच की है, तो शरीर पर कोई भी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं. तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया गया है. रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, इसलिए विसरा और हार्ट को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है, ताकि पता चल सके कि मौत हार्ट अटैक से हुई है या नहीं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहने कैसे गायब हुए, इसकी गहनता से जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: IPS आशुतोष मिश्रा की मां की मौत में आया नया मोड़, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बताई ये वजह