Kanwariya Accident: यूपी के शाहजहांपुर में शुक्रवार 14 अगस्त को कांवड़ियों के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया है. एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे तीन कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी है. इस हादसे में एक कांवड़िए की इलाज के दौरान मौत हो गई है. कांवड़िए की मौत की खबर मिलते ही बाकी श्रद्धालु भड़क गए हैं. उन्होंने बीच सड़क पर बैठकर पुलिस के सामने जमकर हंगामा किया और सड़क पर जाम लगा दिया.
ADVERTISEMENT
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
यह पूरा मामला शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के गोला रोड का है. शाम करीब 6 बजे बरेली से कांवड़ियों का एक जत्था गोला गोकर्णनाथ की तरफ जा रहा था. रास्ते में एक गाय को ओवरटेक करने के चक्कर में एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे तीन श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल एक कांवड़िए को अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है.
गुस्साए कांवड़ियों ने लगाया लंबा जाम
अपने साथी की मौत की खबर सुनते ही वहां मौजूद कांवड़ियों में भारी गुस्सा फैल गया. नाराज कांवड़ियों ने सड़क पर बैठकर रास्ता जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. हादसे के बाद कांवड़ियों की भारी भीड़ सड़क पर जमा हो गई, जिससे वहां काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही. सड़क पर बवाल और हंगामे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है.
पुलिस के समझाने पर शांत हुए
जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने गुस्साए कांवड़ियों से बातचीत की और उन्हें काफी देर तक समझाया. पुलिस ने कांवड़ियों को भरोसा दिया कि टक्कर मारने वाली कार का पता लगा लिया गया है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के इस आश्वासन के बाद श्रद्धालुओं ने जाम खत्म किया और अपनी कांवड़ यात्रा पर आगे बढ़ गए.
एक दिन पहले भी हुआ हादसा
आपको बता दें कि शाहजहांपुर में कांवड़ियों के साथ लगातार यह दूसरा हादसा है. एक दिन पहले ही यहां कांवड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई थी, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हुए थे. और अब अगले ही दिन तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक कांवड़िए की जान चली गई, जिसने सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT










