Varanasi News: सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए आजकल की युवा पीढ़ी किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार रहती है. रील बनाने की सनक कई बार युवाओं को ऐसा करने के लिए मजबूर कर देती है, जो कभी-कभी उनपर भारी पड़ जाता है. ऐसा ही एक मजेदार और हैरान करने वाला मामला 14 अगस्त 2026 को वाराणसी से सामने आया है. यहां दो लड़के प्रैंक वीडियो बनाने के लिए बुर्का पहनकर बाइक से जा रहे थे, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं पाए और सीधे थाने पहुंच गए हैं.
ADVERTISEMENT
मलदहिया चौराहे पर शक में रोकी बाइक
यह पूरा मामला वाराणसी के मलदहिया चौराहे का है. यहां तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थी. तभी वहां से तेज रफ्तार में एक बाइक गुजरी, जिस पर दो लोग सवार थे. बाइक एक युवक चला रहा था और पीछे बुर्के में एक महिला बैठी दिख रही थी. लेकिन पुलिस को बुर्के में बैठी उस 'महिला' की कद-काठी देखकर शक हुआ. पुलिस ने तुरंत बाइक को रोक लिया.
बुर्का हटवाया तो उड़ गए सबके होश
जब पुलिस ने माइक पर अनाउंस करके पीछे बैठे शख्स को बुर्का हटाने के लिए कहा, तो जो नजारा दिखा उसने वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया. बुर्के के अंदर से कोई लड़की नहीं, बल्कि एक युवक निकला. पुलिस अधिकारी ने तुरंत कहा, "ये गलत तो है ही, मर्द होकर लड़की बनकर इस कार्यक्रम में जा रहे हो. इसे थाने ले जाओ, पहले इसकी जांच कराएंगे."
पूछताछ में खुला प्रैंक वीडियो का राज
पुलिस दोनों लड़कों को पकड़कर थाने ले गई. वहां जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गई, तो पता चला कि वे 12वीं क्लास के छात्र हैं. उनका इरादा किसी अपराध को अंजाम देना नहीं था, बल्कि वे प्रैंक वीडियो शूट करने के लिए बुर्का पहनकर इमलिया घाट जा रहे थे. लड़कों ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाकर फेमस होना चाहते थे.
मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण बाइक सीज
भले ही लड़कों का मकसद कोई अपराध करना नहीं था, लेकिन उनकी बाइक में मॉडिफाइड (बदला हुआ) साइलेंसर लगा हुआ था. इसके चलते पुलिस ने नियमों के उल्लंघन में उनकी बाइक को सीज कर दिया. हालांकि, पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान लड़कों के पास से कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली. मामले की पूरी जांच करने के बाद पुलिस ने दोनों छात्रों के माता-पिता को थाने बुलाया और उन्हें समझा-बुझाकर छोड़ दिया.
ADVERTISEMENT










