Ghazipur Police Constables Suspend: गाजीपुर में पुलिस विभाग ने 2025 बैच के तीन नए सिपाहियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. आरोप है कि ये सिपाही बिना ड्यूटी के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के मरदह टोल प्लाजा पर अवैध वसूली कर रहे थे. इस दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया. शिकायत मिलने के बाद गाजीपुर पुलिस ने तीनों आरक्षियों को तत्काल निलंबित कर दिया है. मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
बताया गया है कि तीनों सिपाहियों की गतिविधियों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, ये पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने के शौकीन थे. वीडियो के जरिए वे अपनी पहचान बनाने की कोशिश करते थे. विभाग की ओर से सख्ती किए जाने के बावजूद रील बनाने का सिलसिला जारी रहने की बात भी सामने आई है.
एसपी डॉ. ईरज राजा ने तीनों को किया निलंबित
मामले की शिकायत मिलने के बाद गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज राजा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया. निलंबित किए गए आरक्षियों की पहचान अजय सिंह, युवराज सिंह और दीपू कुशवाहा के रूप में हुई है. पुलिस विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि तीनों सिपाही ड्यूटी के दौरान अवैध वसूली कर रहे थे या ड्यूटी से गैरहाजिर होकर इस गतिविधि में शामिल हुए थे. विभागीय जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस विभाग ने तीनों आरक्षियों की भूमिका की गहन जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. एसपी ईरज राजा भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है. इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों की गतिविधियों और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
ADVERTISEMENT










