Shahjahanpur Kanwar Accident: सावन का महीना चल रहा है. देशभर से शिव भक्त कांवड़िए जल लेकर लौट रहे हैं. इस दौरान 14 अगस्त को सावन के पावन महीने में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया है. शाहजहांपुर में कांवड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर पलट गई है. इस भयानक हादसे के बाद मौके पर भारी चीख-पुकार मच गई और कई कांवड़िए घायल हो गए हैं. पुलिस और प्रशासन की टीम ने सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है.
ADVERTISEMENT
अचानक सड़क पर आया गौवंश
यह हादसा शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र में पड़ने वाले फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर हुआ है. जरावं गांव के पास कांवड़ियों से भरी यह ट्रैक्टर-ट्रॉली अपनी मंजिल की तरफ जा रही थी. सभी श्रद्धालु जल लेकर गोला गोकर्णनाथ की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक गौवंश सड़क पर आ गया. गौवंश के सामने आ जाने से ट्रैक्टर चला रहे ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बेकाबू होकर ट्रॉली सीधे सड़क पर पलट गई.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
ट्रॉली के पलटते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 24 लोग सवार थे. इनमें से 17 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया है, जिनमें 5 लोग घायल हैं और बाकी को मामूली चोटें आई हैं. वहीं, बाकी के 9 लोगों को कांट के सीएचसी (CHC) में भर्ती कराया गया है, जिन्हें थोड़ी देर में जिला अस्पताल लाया जाएगा.
ट्रैक्टर ट्रॉली की सवारी पर सवाल
सावन के महीने में हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. नियमों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली का इस्तेमाल सिर्फ सामान ढोने के लिए किया जा सकता है. इसमें लोगों के बैठने और सवारी करने पर पूरी तरह से पाबंदी है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में कांवड़िए इस पर सवार होकर यात्रा कर रहे थे. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है.
ADVERTISEMENT










