कुकर के हैंडल से की पत्नी की हत्या, फिर टब में डुबोया... फतेहपुर में खुला शालिनी यादव की मौत का राज!

यूपी तक

• 01:14 PM • 13 Aug 2026

Fatehpur murder case: फतेहपुर में सहायक शिक्षक पर अपनी पत्नी शालिनी यादव की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की है. हालांकि, पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है.

Google CTA

Fatehpur murder case: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला हत्याकांड हुआ है. यहां एक सहायक टीचर ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी है, जिससे उसने 7 साल पहले लव मैरिज की थी. पुलिस का दावा है कि पति ने अपनी पत्नी के चरित्र और अवैध संबंधों के शक में इस वारदात को अंजाम दिया है. तो वहीं मृतका के पिता ने पुलिस के दावे को पूरी तरह से गलत बताया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है.

यह भी देखें...

हादसे का रूप देने की कोशिश

यह पूरी घटना फतेहपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नासिर पीर मोहल्ले की है. यहां एक प्राइवेट स्कूल की टीचर शालिनी यादव की 8 अगस्त की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. उनके पति दिलीप यादव चकलीपुर में सहायक अध्यापक हैं. दोनों ने 3 दिसंबर 2017 को लव मैरिज की थी. शुरुआत में पति ने इस घटना को एक हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन मृतका के परिजनों ने पति दिलीप और उसके दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है.

पुलिस की पूछताछ में कबूला जुर्म

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की है. पुलिस को शुरू से ही घटना स्थल पर कुछ ऐसे सुराग मिले थे, जो हादसे की कहानी से मेल नहीं खा रहे थे. जब पुलिस ने आरोपी पति दिलीप यादव से सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 8 अगस्त की सुबह 5 से 6 बजे के बीच अपनी पत्नी शालिनी को कुकर के हैंडल से सिर पर वार करके मौत के घाट उतार दिया.

हत्या के बाद 20 मिनट तक घूमता रहा

पुलिस ने बताया कि शालिनी की हत्या करने के बाद, दिलीप ने उसे पानी के टब में डुबा दिया ताकि ऐसा लगे कि उसकी मौत नहाते समय हुए किसी हादसे के कारण हुई है. इसके बाद आरोपी खुद पर से शक हटाने के लिए करीब 20 मिनट तक घर के बाहर घूमता रहा. वापस आकर उसने अपने दोनों भाइयों को फोन किया और कहा कि शालिनी हादसे का शिकार होकर बेहोश हो गई है. भाई मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक शालिनी की मौत हो चुकी थी.

पिता ने पुलिस की थ्योरी को नकारा

पुलिस का दावा है कि दिलीप ने शालिनी के चरित्र पर शक के चलते उसकी हत्या की है. लेकिन शालिनी के पिता ने पुलिस की इस बात को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. पिता का कहना है कि उनकी बेटी के चरित्र पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और आरोपी खुद को बचाने के लिए यह मनगढ़ंत कहानी बना रहा है. पिता ने उलटा आरोप लगाते हुए कहा कि खुद दिलीप का अपने स्कूल की एक शिक्षिका के साथ अप्रैल 2025 से अफेयर चल रहा था. शालिनी ने उन्हें इस बारे में बताया था और इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था.

आरोपी भेजा गया जेल, जांच जारी

फतेहपुर पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या में इस्तेमाल किया गया कुकर का हैंडल (आला कत्ल) बरामद कर लिया है. मुख्य आरोपी दिलीप यादव को अदालत में पेश किया गया है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे के साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है.