मुलायम सिंह यादव की जयंती पर भावुक हुए अखिलेश यादव, 'एक्स' पर लिखा भावुक करने वाला पोस्ट

यूपी तक

• 03:17 PM • 22 Nov 2026

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पिता की तस्वीर साझा कर भावुक संदेश लिखा. उन्होंने नेताजी से मिली सीख को याद करते हुए कहा कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए और रिश्ते सुधारने के लिए आगे बढ़ने वालों का हाथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए.

Google CTA

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश की राजनीति के बड़े चेहरे रहे मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उनके बेटे अखिलेश यादव काफी भावुक नजर आए. किसी खास दिन पर अपनों के जाने की कमी सबसे ज्यादा महसूस होती है और अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पोस्ट में यही भावनाएं साफ दिखाई दीं. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने पिता की एक तस्वीर साझा की और एक भावुक संदेश लिखा. इस संदेश में उन्होंने न सिर्फ अपने पिता को कोटि-कोटि नमन किया, बल्कि उनके समाजवादी सिद्धांतों, संस्कारों और मानवीय मूल्यों को जीवन के हर क्षेत्र में अपनाने का संकल्प भी दोहराया. उनकी इस पोस्ट में एक बेटे के दर्द के साथ-साथ पिता से मिली उस सीख की झलक भी दिखी, जिसने उन्हें जिंदगी और रिश्तों को समझने का एक अलग नजरिया दिया.

यह भी देखें...

पिता की सीख को किया याद

पिता को याद करते हुए अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में उस सबसे सरल सबक का जिक्र किया, जो उन्होंने नेताजी से सीखा था. अखिलेश ने लिखा कि श्रद्धेय नेताजी से हमने सीखा कि किसी के बुरे वक्त में हमेशा साथ देना चाहिए और अगर कोई भी मदद की उम्मीद लेकर आए, तो उसकी यथासंभव सहायता करनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने एक और अहम बात का जिक्र करते हुए लिखा कि हो सकता है कोई व्यक्ति किसी वजह या दबाव के कारण आपके खिलाफ हो गया हो, लेकिन हर कोई हमेशा बुरा या खराब नहीं होता. इसलिए जब कभी कोई सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाए, तो हाथ आगे बढ़ाने में कभी पीछे नहीं हटना चाहिए.

यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात

मुलायम सिंह का लंबा राजनीतिक सफर

मुलायम सिंह यादव का नाम उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक ऐसे व्यक्तित्व के रूप में दर्ज है, जिन्हें उनके समर्थक प्यार और सम्मान से 'नेताजी' कहकर बुलाते थे. 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में एक साधारण किसान परिवार में जन्मे मुलायम सिंह का शुरुआती जीवन संघर्षों में बीता. पढ़ाई के साथ उन्हें कुश्ती का भी शौक था, लेकिन धीरे-धीरे उनका रुझान राजनीति की तरफ बढ़ा. डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों को आधार बनाकर वे साल 1967 में पहली बार विधायक बने. इसके बाद वे साल 1989, 1993 और 2003 में तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे. उन्होंने साल 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की और 1996 से 1998 तक केंद्र सरकार में देश के रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली.

यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात

पद्म विभूषण सम्मान और अमिट यादें

गांव, किसान, पिछड़े वर्ग और समाज के कमजोर तबके हमेशा मुलायम सिंह यादव की राजनीति के केंद्र में रहे. 10 अक्टूबर 2022 को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 82 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन के बाद साल 2023 में केंद्र सरकार ने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में उनके योगदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से सम्मानित किया. दुनिया के लिए वे एक बड़े नेता थे, लेकिन अखिलेश यादव के लिए वे एक ऐसे पिता थे जिनकी उंगली पकड़कर उन्होंने जिंदगी के रास्ते तय किए. आज नेताजी भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख, संस्कार और यादें आज भी उनके परिवार और समर्थकों के दिलों में जिंदा हैं.

यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात