उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी कुछ महीने बाकी हैं, लेकिन इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर बैठकों और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. हाल ही में कांग्रेस की एक बड़ी बैठक के बाद 181 सीटों की एक लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें अमेठी की गौरीगंज विधानसभा सीट का नाम भी शामिल है. चर्चा है कि कांग्रेस यह सीट अपने पास रखना चाहती है. दरअसल, गौरीगंज से लगातार तीन बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक रहे राकेश प्रताप सिंह हाल ही में भाजपा में शामिल हो गए हैं, जिसके बाद इंडिया गठबंधन की तरफ से यह सीट खाली हो गई है. ऐसे में जब गौरीगंज के सराय भागमनी चौराहे पर स्थानीय लोगों से बात की गई, तो ज्यादातर लोगों ने भाजपा को टक्कर देने के लिए समाजवादी पार्टी को ही सबसे मजबूत विकल्प बताया.
ADVERTISEMENT
गौरीगंज में सपा को बताया मजबूत
सराय भागमनी चौराहे पर मौजूद सुदर्शन यादव, अजय शास्त्री, हरीश सिंह और राम दुलारे जैसे स्थानीय लोगों का साफ मानना है कि गौरीगंज में कांग्रेस नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी ही मजबूत है. लोगों ने कहा कि सपा ने यहां से लगातार तीन बार जीत दर्ज की है, जबकि पिछले चुनावों में कांग्रेस का प्रत्याशी तीसरे, चौथे या पांचवें नंबर पर रहा था और बसपा से भी नीचे था. सुदर्शन यादव ने बताया कि पूरे क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों जैसे धीरू तिवारी और मनोज यादव के पोस्टर लगे हुए हैं, लेकिन कांग्रेस का न तो कोई चेहरा दिखता है और न ही कहीं कोई पोस्टर-होर्डिंग नजर आती है. लोगों का कहना है कि यहां भाजपा से सीधी लड़ाई सिर्फ सपा ही लड़ सकती है.
यह भी पढ़ें: कुंडा की रामकथा में दिखा राजनेताओं का जमावड़ा, मनोज पांडेय-बृजभूषण सिंह-निशिकांत दुबे समेत पहुंचे ये दिग्गज नेता
किशोरी लाल की जीत का श्रेय
बातचीत के दौरान स्थानीय नेता डॉ. सीपी यादव और सुदर्शन यादव ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा की जीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी का समर्थन और 'लाल टोपी' वाले कार्यकर्ता साथ न होते, तो किशोरी लाल शर्मा चुनाव नहीं जीत पाते. डॉ. सीपी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेश पर सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें जिताया था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जमीन पर कांग्रेस मजबूत हो गई है. राकेश प्रताप सिंह के भाजपा में जाने के सवाल पर लोगों ने कहा कि उनके जाने से सपा पर कोई फर्क नहीं पड़ा है और गौरीगंज में आज भी सपा का वर्चस्व कायम है.
यह भी पढ़ें: कुंडा की रामकथा में दिखा राजनेताओं का जमावड़ा, मनोज पांडेय-बृजभूषण सिंह-निशिकांत दुबे समेत पहुंचे ये दिग्गज नेता
कांग्रेस के समर्थन में उठी आवाज
जहां एक तरफ ज्यादातर लोग सपा को मजबूत बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग कांग्रेस के पक्ष में भी नजर आए. स्थानीय निवासी मोहम्मद जलील ने कांग्रेस का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पहले बहुत काम किया है, जबकि मौजूदा सरकार में सिर्फ महंगाई बढ़ी है. वहीं, छोटे लाल यादव का मानना है कि यहां सपा और कांग्रेस दोनों 50-50 की स्थिति में हैं. उन्होंने कहा कि किशोरी लाल शर्मा के सांसद होने से कांग्रेस को मजबूती मिली है, जबकि सपा और भाजपा (राकेश प्रताप सिंह) की भी अपनी पकड़ है, इसलिए यहां बराबरी की लड़ाई है. हालांकि, सपा समर्थकों ने यह भी साफ किया कि अगर राष्ट्रीय नेतृत्व गठबंधन के तहत कांग्रेस को टिकट देता है, तो वे ऊपर के फैसले का पालन करेंगे.
यह भी पढ़ें: कुंडा की रामकथा में दिखा राजनेताओं का जमावड़ा, मनोज पांडेय-बृजभूषण सिंह-निशिकांत दुबे समेत पहुंचे ये दिग्गज नेता
ADVERTISEMENT










