Dhirendra Krishna Shastri News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के दौरान दिए गए बयानों की चर्चा हो रही है. धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि अगर कथा रोकने की बात होगी तो नमाज रोकने की मांग भी उठ सकती है. इससे व्यवस्था बिगड़ जाएगी. इस दौरान उन्होंने सनातन, पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं, राम-कृष्ण और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने अखिलेश को रामकथा सुनने का न्योता भी दिया.
ADVERTISEMENT
'कथा रोकी तो नमाज रोकने की मांग भी उठेगी'
धार्मिक कथाओं और प्रवचनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कथा कहीं पर भी नहीं रोकी जा सकती. उन्होंने कहा, 'कथा कहीं पर भी नहीं रोकी जा सकती है, और अगर कथा भी रोकी जाएगी तो नमाज भी रोकी जाएगी तो फिर व्यवस्था बिगड़ जाएगी. हिंदू जाग गया है.' उन्होंने कहा कि कथा करने और सुनने, दोनों से लोगों को लाभ मिलता है.
चुनावी साल में धार्मिक कथाओं को राजनीति से जोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'हम कथा चुनाव के लिए नहीं सनातन के लिए करते हैं.' उन्होंने विपक्षी दलों को भी सलाह दी कि उन्हें ऐसी कथाओं का आयोजन कराना चाहिए.
यह भी पढ़ें- आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली राहत, शिवपाल की भविष्यवाणी फिर सुर्खियों में
पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं को भारत लाने की बात
देश के विभाजन को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पूर्ण विभाजन हो जाना चाहिए और पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं को भारत आ जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ में आयोजित रामकथा में 500 पाकिस्तानी हिंदू परिवार भी शामिल हो रहे हैं. इसके लिए उन्होंने सभी को साधुवाद दिया.
रामकथा के उद्देश्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए जाति या भेदभाव का कोई महत्व नहीं है. उन्होंने कहा, 'यादव में माधव और माधव में यादव दर्शन करते हैं.' राम और कृष्ण को एक बताते हुए उन्होंने कहा कि कथा के जरिए लोगों को इसी भाव से जोड़ने का प्रयास किया जाता है.
21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन करेंगे
धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि वह 21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन करने जाएंगे. वहां वह यह प्रण लेंगे कि 'औरंगज़ेब की निशानी का कलंक मिट जाए और हमारे कृष्ण जी भव्य रूप में विराजमान हो जाएं.' इसके लिए उन्होंने आगे चलकर लंबे हनुमान चालीसा पाठ के आयोजन की बात भी कही.
कृष्ण को लेकर दिए गए अपने पुराने बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी तीन घंटे की कथा को तीन मिनट में दिखाया गया. उन्होंने लोगों से पूरा प्रवचन देखने की अपील की. उनका कहना था कि उन्होंने राम और कृष्ण को एक ही भाव में बताया था.
यह भी पढ़ें- ‘राजा भैया का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा’, कुंडा में बोले बृजभूषण शरण सिंह
अखिलेश यादव को रामकथा सुनने का न्योता
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने और उनके बयानों से जुड़े सवाल पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, 'हम नेताओं पर नहीं बोलते हैं. अखिलेश को हमसे क्या दिक्कत है, यह हमें नहीं पता, वह भी बहुत अच्छे हैं.' इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश को अपनी रामकथा सुनने के लिए आमंत्रित किया. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता है कि अखिलेश कथा में नहीं आ पाएंगे.
सीट बंटवारे को लेकर बातचीत के सवाल पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, 'अखिलेश तो अभी टेबल पर ही नहीं मिले हैं, तो फिर कैसे बात होगी. टेबल के नीचे तो दूर की बात है.' प्रतापगढ़ की रामकथा में उनके इन बयानों के बाद धार्मिक आयोजनों से लेकर सियासी मुद्दों तक पर चर्चा तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT










