धीरेंद्र शास्त्री के स्वागत में खुद एयरपोर्ट पहुंचे राजा भैया, प्रतापगढ़ में आज से शुरु होगी चार दिवसीय श्रीराम कथा

आनंद राज

• 11:43 AM • 17 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्रीराम कथा आज यानी 17 नवंबर से शुरू हो रही है.

Google CTA

Raja Bhaiya Ram Katha News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्रीराम कथा आज यानी 17 नवंबर से शुरू हो रही है. कथा सुनाने के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार शाम प्रतापगढ़ पहुंच गए. खास बात यह रही कि राजा भैया खुद प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे और धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत करने के बाद अपनी गाड़ी चलाकर उन्हें बेंती कोठी लेकर आए. उनके पहुंचने के बाद आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं. वहीं, कथा को लेकर सियासी बयानबाजी भी चर्चा में है.

यह भी देखें...

राजा भैया ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत

जानकारी के मुताबिक, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दुबई से करीब 60 सहयोगियों के साथ प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे थे. यहां कथा के आयोजक राजा भैया पहले से मौजूद थे. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत किया और फिर अपनी गाड़ी की स्टेयरिंग खुद संभाली. राजा भैया उन्हें लेकर प्रतापगढ़ के बेंती स्थित अपनी कोठी पहुंचे. इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उनके बगल वाली सीट पर बैठे नजर आए. बताया गया है कि कथा के चार दिनों के दौरान धीरेंद्र शास्त्री राजभवन स्थित पंचवटी में प्रवास करेंगे.

यह भी पढ़ें- यूपी की नानपारा विधानसभा सीट क्यों है खास? कुर्मी वोटरों का है दबदबा, जानें पूरा सियासी समीकरण

हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना

बेंती कोठी पहुंचने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने परिसर में बने हनुमान मंदिर में दर्शन किए. उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और हनुमान जी की आरती उतारी. इसके बाद अपने हाथों से भगवान को फूलों की माला पहनाई. इस दौरान राजा भैया ने भी मंदिर में माला अर्पित कर पूजा की. धीरेंद्र शास्त्री के आगमन के बाद कथा स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

आज दोपहर 2 बजे से शुरू होगी रामकथा

प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित राजभवन बेंती के हवाई पट्टी परिसर में योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम में 17 से 20 नवंबर तक श्रीराम कथा होगी. पहले दिन यानी आज दोपहर 2 बजे से शाम 5 या 6 बजे तक कथा वाचन किया जाएगा. 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से कथा होगी. वहीं, 20 नवंबर को अंतिम दिन दिव्य दरबार लगाया जाएगा. आयोजन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सतर्क हैं.

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर फंसा पेंच, कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें; अखिलेश के सामने बड़ी चुनौती

सपा और राजा भैया के बीच बयानबाजी

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया है. समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आयोजन का विरोध करने का ऐलान किया था. उनका आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ाते हैं और चुनाव से पहले धार्मिक मुद्दे उठाए जा रहे हैं. दूसरी ओर, राजा भैया ने विरोध पर कहा था कि कथा होकर रहेगी, जिसे रोकना है वह रोककर दिखाए. अब राजनीतिक बयानबाजी के बीच प्रतापगढ़ में आज से चार दिवसीय श्रीराम कथा शुरू होने जा रही है.