उत्तर प्रदेश के आगरा में समाजवादी पार्टी द्वारा एक 'दलित महासम्मेलन' का आयोजन किया गया. इस महासम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आगरा और आसपास के इलाकों से भारी संख्या में दलित महिलाएं जीआईसी मैदान पहुंचीं. हाथों में बैनर लिए इन महिलाओं ने साफ कर दिया कि वो सभी अपने 'अखिलेश भैया' से मिलने आई हैं. इन महिलाओं के सामने रोजगार, महंगाई और राशन जैसी कई बुनियादी समस्याएं हैं, जिन्हें लेकर वो योगी सरकार और स्थानीय प्रशासन से खासी नाराज नजर आ रही हैं. भले ही आगरा की सभी नौ विधानसभाओं पर फिलहाल बीजेपी का कब्जा हो, लेकिन इन महिलाओं का दावा है कि आने वाले 2027 के चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ही सरकार बनेगी. महिलाओं ने गैस सिलेंडर न मिलने और लकड़ी पर खाना बनाने जैसी अपनी मजबूरियों को भी साझा किया है.
ADVERTISEMENT
राशन कटने और महंगाई से परेशानी
महासम्मेलन में जा रही एक महिला (सतवती) ने अपनी समस्या बताते हुए कहा, "राशन पूरा नहीं मिलता है. 6 लोगों के परिवार का राशन था, लेकिन सिर्फ तीन लोगों का दे रहे हैं और उसमें भी केवल 12 किलो देते हैं." राशन काटने की शिकायत पर महिलाओं का कहना था कि प्रशासन उनकी बात नहीं सुनता है. इसके अलावा, एक बुजुर्ग महिला ने सब्जियों के दामों (महंगाई) का जिक्र करते हुए कहा कि जो घिया (लौकी) पहले 5 रुपये किलो मिलती थी, अब वह 30 से 40 रुपये किलो हो गई है. महिलाओं का साफ कहना था कि इस बढ़ती महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है.
लकड़ी के चूल्हे पर बन रहा है खाना
होली-दिवाली पर मुफ्त गैस रिफिल की सरकारी योजना को लेकर जब महिलाओं से सवाल पूछा गया, तो उनका दर्द छलक पड़ा. एक महिला ने कहा, "हमारे घर तो गैस ही नहीं है, हम चूल्हे पर लकड़ी जलाकर खाना बनाते हैं." गैस के लिए अप्लाई न करने के सवाल पर उनका कहना था, "हमसे बोल देते हैं कि आपको नहीं मिलेगा. वैसे भी जब काम-धंधा ही नहीं है, पैसा ही नहीं है, तो 1000 रुपये का महंगा गैस सिलेंडर कैसे भरवाएंगे?" महिलाओं का कहना है कि वे किराए के मकानों में रहती हैं और उनके पास इतनी आमदनी नहीं है कि वे अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी कर सकें.
बेरोजगारी और महिलाओं का उत्पीड़न
महंगाई और राशन के अलावा रोजगार भी एक बहुत बड़ा मुद्दा बनकर सामने आया है. अवधेश यादव नाम की एक महिला ने बताया कि युवा बच्चे बिना रोजगार के घूम रहे हैं. उन्होंने कहा, "भाजपा बताती है कि हमने इतने रोजगार दे दिए, लेकिन जमीन पर कोई रोजगार नहीं है. महिलाओं का लगातार उत्पीड़न हो रहा है. किसानों को खाद-बीज पर कोई सब्सिडी नहीं मिल रही है. सब लोग बहुत परेशान हैं, इसलिए हम चाहते हैं कि 2027 में अखिलेश भैया वापस आएं." दलित महिलाओं का यह गुस्सा आने वाले चुनाव में आगरा के राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे सकता है.
यह भी पढ़ें: असम राइफल्स ने 354 पदों पर निकाली भर्ती, आज से आवेदन शुरू, वारंट ऑफिसर- हवलदार-राइफलमैन बनने का मौका
ADVERTISEMENT










