उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के पोते और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अपनी बचपन की दोस्त मेघना चौधरी से सगाई हो गई है. यह समारोह अलीगढ़ की ताला नगरी में बड़े ही भव्य और शाही अंदाज में आयोजित किया गया. समारोह में परिवार के लिए यह खुशी दोगुनी थी, क्योंकि एक ही दिन परिवार के दो बेटों- संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई हुई. सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी से हुई है. इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अलीगढ़ पहुंचे और उन्होंने दोनों जोड़ों को अपना आशीर्वाद दिया. करीब 100 बीघा मैदान में सजे विशाल और महलनुमा पंडाल में परिवार, रिश्तेदारों और देश-प्रदेश के कई दिग्गज राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी में यह सगाई की रस्म पूरी हुई.
ADVERTISEMENT
थीम स्टाइल में हुई शानदार एंट्री
सगाई समारोह में दूल्हे और दुल्हन की एंट्री बेहद खास रही. संदीप सिंह जब ब्लैक कलर के बंद गले के कोट में अपने भाई के साथ थीम स्टाइल में हॉल में एंट्री लेते हैं, तो वहां का नजारा देखते ही बनता था. वहीं, गोल्डन-लाइट पिंक कलर की ड्रेस, खुले बाल और चेहरे पर मुस्कान लिए मेघना चौधरी की एंट्री ने भी सबका मन मोह लिया. फूलों की बारिश और तालियों की गूंज के बीच संदीप ने मेघना को सगाई की अंगूठी पहनाई. समारोह का सबसे भावुक पल वह था, जब परिवार की बुजुर्ग दादी रामवती ने दोनों को पास बुलाकर अपना आशीर्वाद दिया.
कौन हैं मंत्री की दुल्हनिया मेघना?
संदीप सिंह की होने वाली जीवन संगिनी मेघना चौधरी मूल रूप से अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के रुदायन (उर्फ तारापुर) गांव की रहने वाली हैं. हालांकि, उनका परिवार पिछले कई सालों से गाजियाबाद में रह रहा है. मेघना के दादा राधेश्याम चौधरी भारतीय नौसेना से रिटायर हुए हैं, जबकि उनके पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी के काम से जुड़े रहे हैं. मेघना के परिवार का जूते का कारोबार भी है. मेघना ने कानून (लॉ) की पढ़ाई की है, जिसके लिए वह विदेश भी गई थीं.
स्कूल की दोस्ती प्यार में बदली
संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहली मुलाकात स्कूल के दिनों में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में हुई थी. संदीप स्कूल में मेघना के सीनियर थे. साल 2012 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप ने स्कूल छोड़ दिया, लेकिन दोनों की यह स्कूल की दोस्ती आगे चलकर प्यार में बदल गई और अब यह रिश्ता सात जन्मों के बंधन में बंधने जा रहा है. इन दोनों भाइयों की शादी 26 नवंबर को दिल्ली के द लीला होटल में होगी और 27 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक ग्रैंड रिसेप्शन रखा गया है.
यह भी पढ़ें: ओवैसी ने सपा के PDA को बताया 'पलट दिया अखिलेश', चंद्रशेखर को CM चेहरा बनाने की भी बताई वजह
ADVERTISEMENT










