ED के हिरासत में लेने पर छलका आजम खान का दर्द, बोले- 'शिक्षा का मंदिर एक मुसलमान ने बना दिया, बस यही गलती हो गई'

शिवानी गोस्वामी

• 02:36 PM • 13 Nov 2026

ईडी की हिरासत में जाते वक्त आजम खान ने भावुक बयान देते हुए कहा है कि, 'बच्चों को पढ़ाने और स्कूल-यूनिवर्सिटी बनाने का गुनाह किया है.' जौहर यूनिवर्सिटी मामले में वह 16 नवंबर तक ईडी की चार दिन की कस्टडी में रहेंगे.

Google CTA

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में जाते वक्त एक बड़ा बयान दिया है. गुरुवार, 12 नवंबर की रात गाजियाबाद की डासना जेल से जब ईडी की टीम उन्हें अपने साथ ले जा रही थी, तब आजम खान का दर्द छलक पड़ा. न्यूज़ एजेंसी से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाने, स्कूल और यूनिवर्सिटी बनाने का उन्होंने गुनाह किया है. आजम खान ने भावुक होते हुए कहा, "शिक्षा का मंदिर एक मुसलमान ने बना दिया, बस यही गलती हो गई." आजम खान का यह बयान अब सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक काफी सुर्खियां बटोर रहा है.

यह भी देखें...

ईडी की 4 दिन की कस्टडी

आजम खान 16 नवंबर तक (4 दिनों के लिए) ईडी की कस्टडी में रहेंगे. कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे ईडी की टीम उन्हें सीआईएसएफ की कड़ी सुरक्षा के बीच डासना जेल से लेकर रवाना हुई. शुक्रवार को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका मेडिकल चेकअप भी कराया गया. इस 4 दिन की कस्टडी के दौरान ईडी उनसे जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण, ट्रस्ट के खातों और सरकारी धन के कथित इस्तेमाल से जुड़े वित्तीय लेनदेन को लेकर गहराई से पूछताछ करेगी.

अखिलेश यादव ने जताई चिंता

जैसे ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को यह खबर मिली कि ईडी की टीम आजम खान को डासना जेल से लेकर रवाना हो गई है, उन्होंने तुरंत अपनी चिंता जाहिर की. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी. उन्होंने साफ तौर पर लिखा कि आजम खान के स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी अब प्रशासन की ही होगी.

रिहाई के तुरंत बाद हुई थी गिरफ्तारी

आपको बता दें कि आजम खान लगभग 11 महीने बाद 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से बाहर आए थे. उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड से जुड़े एक मामले में जमानत मिली थी. लेकिन रामपुर जेल से बाहर आते ही ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के नए मामले में गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद गाजियाबाद की विशेष अदालत ने उन्हें डासना जेल भेज दिया था, और अब ईडी यूनिवर्सिटी मामले में उनसे लगातार पूछताछ कर रही है.

यह भी पढ़ें: यूपी का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? विधानसभा चुनाव से पहले हुए ताजा सर्वे ने चौंकाया