आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली राहत, शिवपाल की भविष्यवाणी फिर सुर्खियों में

ADVERTISEMENT
आज़म खान को सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट से महत्वपूर्ण राहत मिली है। कोर्ट ने उनके खिलाफ कई मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन माना और मोनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दी। यह राजनीतिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है।
सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान को मंगलवार को दो मामलों में कानूनी राहत मिली. सुप्रीम कोर्ट ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी, जबकि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जौहर ट्रस्ट से जुड़े करीब 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी. इन फैसलों के बाद उनकी राजनीतिक वापसी और 2027 के विधानसभा चुनाव में संभावित भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
पत्नी और बेटे को भी मिली राहत
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार की याचिका खारिज कर दी. इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट पहले ही आजम खान की सजा और दोषसिद्धि पर रोक लगा चुका था. उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को भी राहत मिली है. तीनों को इस मामले में सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी. अब तंजीम फातिमा की चुनाव लड़ने की पात्रता को लेकर भी चर्चा हो रही है, हालांकि इसे लेकर कोई अंतिम कानूनी निष्कर्ष सामने नहीं आया है.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस की 181 सीटों वाली लिस्ट से सपा में हलचल, अखिलेश यादव के सामने अब नई चुनौती!
हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत
आजम खान ने ED की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को चुनौती देते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी. उनकी ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा. जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की पीठ ने सुनवाई के दौरान प्रथम दृष्टया माना कि गिरफ्तारी के समय ED ने संविधान के अनुच्छेद 22(1) के तहत जरूरी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन नहीं किया. इसी आधार पर अदालत ने उन्हें अंतरिम जमानत दी.
गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर ED से मांगा जवाब
आजम खान को 31 अक्टूबर 2026 को रामपुर जिला जेल से रिहा होते ही ED ने गिरफ्तार कर लिया था. वह दूसरे मामले में जमानत मिलने के बाद बाहर आए थे. हाईकोर्ट में ED ने दावा किया कि आजम खान ने गिरफ्तारी के आधार से जुड़े दस्तावेज लेने से इनकार किया था, लेकिन इसके समर्थन में कोई वीडियो या फोटो पेश नहीं किया गया. अदालत ने गिरफ्तारी के तरीके पर सवाल उठाते हुए ED से विस्तृत जवाब मांगा है. मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी.
यह भी पढ़ें- अखिलेश को मथुरा की पिच पर खींचने की तैयारी! कुंडा से धीरेंद्र शास्त्री ने दिया हर सवाल का जवाब
शिवपाल ने क्या कहा था?
ED की गिरफ्तारी के बाद आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं. कुछ दिन पहले शिवपाल यादव ने जेल में उनसे मुलाकात की थी और जल्द रिहाई की बात की थी. अब अदालतों से मिली राहत के बाद उनके उस बयान की चर्चा फिर होने लगी है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी फैसलों पर प्रतिक्रिया दी है. हालांकि, आजम खान की सक्रिय राजनीति में वापसी या 2027 के चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
