अखिलेश को मथुरा की पिच पर खींचने की तैयारी! कुंडा से धीरेंद्र शास्त्री ने दिया हर सवाल का जवाब

ADVERTISEMENT
2027 चुनाव से पहले यूपी की सियासत में अयोध्या के बाद अब मथुरा का मुद्दा उठने लगा है. अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा की तैयारी के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने 21 नवंबर को मथुरा जाने का ऐलान किया है. वहीं, केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश को मथुरा आने का न्योता दिया. ऐसे में सवाल है कि क्या अखिलेश को मथुरा की सियासी पिच पर खींचने की तैयारी है?
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासत का फोकस अयोध्या से मथुरा की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव अयोध्या जाने की तैयारी में हैं, लेकिन इसी बीच बीजेपी के चिंतन शिविर से लेकर संतों के बयानों तक मथुरा का मुद्दा उठने लगा है. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कुंडा में रामकथा के मंच से अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब दिया और 21 नवंबर को मथुरा जाने का ऐलान भी किया. वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश को मथुरा आने का न्योता दिया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अखिलेश यादव को अयोध्या के बजाय मथुरा की सियासी पिच पर लाने की कोशिश हो रही है?
यादव-माधव की भी बात
धीरेंद्र शास्त्री ने कथा के दौरान भगवान राम और कृष्ण को एक बताते हुए कहा कि यदुवंशी और रघुवंशी उनके लिए बराबर हैं. उन्होंने कहा, 'यादव में हम माधव और माधव में यादव दर्शन करते हैं.” शास्त्री ने जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठने की बात कही. गौरतलब है कि राम और कृष्ण की तुलना को लेकर उनके बयान पर विवाद हुआ था. अखिलेश यादव ने भी उन पर निशाना साधा था. अब कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयानों के जरिए उन्हीं सवालों का जवाब दिया.
यह भी पढ़ें- यूपी की नानपारा विधानसभा सीट क्यों है खास? कुर्मी वोटरों का है दबदबा, जानें पूरा सियासी समीकरण
21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन
धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि वह 21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन करने मथुरा जाएंगे. उन्होंने कहा कि वहां से मथुरा में भगवान कृष्ण के भव्य और दिव्य रूप में विराजमान होने के लिए संकल्प लेंगे. इसके लिए आने वाले दिनों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कराने की बात भी कही. शास्त्री ने मथुरा में औरंगजेब की निशानी का कलंक मिटाने की बात कही. उनके इस ऐलान को मथुरा के धार्मिक मुद्दे को फिर चर्चा में लाने से जोड़कर देखा जा रहा है.
डिप्टी CM केशव मौर्य ने क्या कहा?
मथुरा में बीजेपी के दो दिवसीय चिंतन शिविर के बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव को वहां आने का न्योता दिया. उनसे जब पूछा गया कि अखिलेश अयोध्या जा रहे हैं तो मथुरा कब आएंगे, इस पर मौर्य ने कहा कि अयोध्या हो गई, अब मथुरा की बारी है. उन्होंने अखिलेश से भगवान कृष्ण के भक्त होने पर जन्मभूमि आने और कारसेवा में हिस्सा लेने की अपील की. साथ ही कहा कि वह उनके साथ मथुरा जाएंगे. इस बयान से मथुरा को लेकर बीजेपी की राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई है.
राजा भैया की कथा में जुटी भीड़
कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित रामकथा में बड़ी संख्या में लोग जुटे. धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि हर जिले में एक राजा भैया होना चाहिए. रामकथा के मंच से अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब देने, राजा भैया का जिक्र करने और मथुरा जाने का ऐलान करने को एक साथ देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस की 181 सीटों वाली लिस्ट से सपा में हलचल, अखिलेश यादव के सामने अब नई चुनौती!
अयोध्या के बाद मथुरा का मुद्दा?
अखिलेश यादव पहले कह चुके हैं कि वह अयोध्या के साथ मथुरा-वृंदावन और केदारेश्वर भी जाएंगे. ऐसे में मथुरा आने का न्योता उनके लिए नया राजनीतिक सवाल खड़ा करता है. एक तरफ अखिलेश की अयोध्या यात्रा की तैयारी है, दूसरी तरफ बीजेपी के चिंतन शिविर में मथुरा और कार्यकर्ताओं के मुद्दे पर चर्चा हुई. चिंतन शिविर में कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने और उनकी नाराजगी दूर करने पर भी जोर दिया गया. अब देखना होगा कि धीरेंद्र शास्त्री के मथुरा जाने और केशव मौर्य के न्योते पर अखिलेश यादव क्या प्रतिक्रिया देते हैं. क्या वह मथुरा के मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे या इसे अपनी धार्मिक यात्राओं का हिस्सा बताकर आगे बढ़ेंगे?
