'मैं बहन जी नहीं हूं', आगरा में ACP अमीषा सिंह और परशुराम दल के कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी बहस

नितिन उपाध्याय

• 02:50 PM • 18 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के आगरा में यूजीसी बिल के विरोध में रैली निकालने पहुंचे परशुराम दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए रैली को रोक दिया था.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के आगरा में यूजीसी बिल के विरोध में रैली निकालने पहुंचे परशुराम दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए रैली को रोक दिया था. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दलित सम्मेलन के आयोजन की अनुमति पर सवाल उठाए. इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने सदर एसीपी अमीषा सिंह को 'बहन जी' कहकर संबोधित किया, जिस पर वह नाराज हो गईं. उन्होंने साफ कहा कि वह 'बहन जी' नहीं हैं. इसके बाद कार्यकर्ता और एसीपी के बीच इस तीखी बहस हो गई.

यह भी देखें...

रैली निकालने पहुंचे थे कार्यकर्ता

दरअसल, परशुराम दल के कार्यकर्ता यूजीसी बिल के विरोध में आगरा में रैली निकालने पहुंचे थे. उनका कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं. हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए रैली को आगे बढ़ने से रोक दिया. पुलिस की ओर से कहा गया कि मौजूदा प्रतिबंधों के चलते इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं है.

इस पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस से सवाल किया कि जब इलाके में धारा 163 लागू है तो फिर दलित महासम्मेलन के आयोजन की अनुमति कैसे दी गई? उनका कहना था कि एक तरफ उनकी रैली रोकी जा रही है, जबकि दूसरी ओर दूसरे कार्यक्रम को अनुमति दी गई है. इसी मुद्दे पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई.

यह भी पढ़ें- झांसी में हॉकी खेलने आईं बेटियों को स्टेडियम में नहीं मिला ठिकाना, कमरा ढूंढा तो भी खुद पकाना पड़ा खाना

 

एसीपी ने कार्यकर्ता को टोका

मौके पर सदर एसीपी अमीषा सिंह भी मौजूद थीं. कार्यकर्ता पुलिस के सामने अपनी बात रख रहे थे. इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने एसीपी को 'बहन जी' कहकर संबोधित किया. इस पर एसीपी ने तुरंत आपत्ति जताई और कहा, 'मैं बहन जी नहीं हूं.' इसके जवाब में कार्यकर्ता ने कहा कि वे भारतीय संस्कृति के अनुसार महिलाओं को बहन कहकर संबोधित करते हैं. उसने अपनी बात रखते हुए कहा कि वे तो बहन ही कहेंगे, क्योंकि यह उनकी संस्कृति का हिस्सा है. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच इसी संबोधन को लेकर तीखी बहस होने लगी.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

रैली रोकने और दलित सम्मेलन की अनुमति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब 'बहन जी' संबोधन की वजह से भी चर्चा में है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि किसी महिला को 'बहन जी' कहकर संबोधित करने में क्या गलत है. वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि पुलिस अधिकारियों के लिए भी निर्धारित नियम और कायदे होते हैं और हर किसी को इस तरह संबोधित करना जरूरी नहीं है.

यह भी पढ़ें- वंदे भारत ट्रेन में रिश्तेदार को छोड़ने गए 12 लोग, डोर बंद होने पर फंसे तो रेलवे ने फसूल लिया तगड़ा जुर्माना

 

फिलहाल इस पूरे मामले में दो मुद्दे चर्चा का विषय बने हुए हैं. पहला, धारा 163 लागू होने के दौरान परशुराम दल की रैली रोकना और दलित सम्मेलन को अनुमति दिए जाने पर कार्यकर्ताओं का सवाल. दूसरा, एसीपी अमीषा सिंह का 'बहन जी' संबोधन पर एतराज जताना. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया है.