लेटेस्ट न्यूज़

वंदे भारत ट्रेन में रिश्तेदार को छोड़ने गए 12 लोग, डोर बंद होने पर फंसे तो रेलवे ने फसूल लिया तगड़ा जुर्माना

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर परिजनों को वंदे भारत में बैठाने पहुंचे 13 लोग खुद ट्रेन में फंस गए. ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद हुए तो वे नीचे नहीं उतर सके और ट्रेन के साथ इटावा पहुंच गए. रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने पर इनसे कुल 36,140 रुपये वसूले. जानिए पूरा मामला और रेलवे का नियम क्या कहता है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

ट्रेन में सफर करने वाले लोगों के साथ अक्सर उनके परिवार के सदस्य भी स्टेशन तक आते हैं. कोई सामान रखने में मदद करता है तो कोई अपने परिजनों को सीट तक पहुंचाने के लिए ट्रेन में चढ़ जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर में ऐसा करना 13 लोगों को महंगा पड़ गया. 

ये लोग अपने परिजनों को छोड़ने के लिए वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में चढ़े थे. इसी दौरान ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद हो गए और ट्रेन चल पड़ी. दरवाजे बंद होने के कारण ये लोग समय रहते नीचे नहीं उतर सके और ट्रेन के साथ आगे के सफर पर निकल गए.

घटना 15 नवंबर 2026 को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर हुई. ट्रेन में फंसे लोगों में 12 वयस्क और एक बच्चा शामिल था. रेलवे ने जांच के दौरान इन सभी को बिना वैध टिकट यात्रा करते हुए पाया. इसके बाद नियमों के तहत इनसे किराया और जुर्माना मिलाकर कुल 36,140 रुपये वसूले गए. घटना के बाद रेलवे ने यात्रियों और स्टेशन पर परिजनों को छोड़ने आने वाले लोगों से ट्रेन के अंदर नहीं चढ़ने की अपील की है.

कानपुर स्टेशन पर क्या हुआ था?

मामला ट्रेन संख्या 22415 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का है. 15 नवंबर को ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी. यहां कुछ लोग अपने परिजनों को ट्रेन में बैठाने आए थे. परिजनों को उनकी सीट तक पहुंचाने और सामान व्यवस्थित करने के लिए 12 वयस्क और एक बच्चा भी ट्रेन के अंदर चले गए.

उन लोगों को उम्मीद थी कि सामान रखने और परिजनों को बैठाने के बाद वे ट्रेन के रवाना होने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर वापस आ जाएंगे. इसी दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद हो गए. दरवाजे बंद होने के बाद ट्रेन रवाना हो गई और अंदर मौजूद सभी 13 लोग उसमें ही रह गए.

ट्रेन चलने के बाद जब उन्हें पता चला कि अब वे नीचे नहीं उतर सकते तो रेलवे कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी गई. मामले की सूचना टूंडला नियंत्रण कक्ष तक पहुंची. इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने आगे के स्टेशन पर ट्रेन रुकवाकर इन लोगों को नीचे उतारने की व्यवस्था की. ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रोककर सभी को उतारा गया.

बिना टिकट यात्रा करने पर रेलवे ने क्यों लगाया जुर्माना?

ट्रेन से नीचे उतारे जाने के बाद रेलवे अधिकारियों ने इस मामले की जांच की. उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्टेशन अधीक्षक की मौजूदगी में मुख्य टिकट निरीक्षक ने जांच की.

जांच के दौरान ट्रेन के अंदर मौजूद 12 वयस्क और एक बच्चा वैध यात्रा टिकट के बिना मिले. रेलवे ने इन्हें अनधिकृत यात्री मानते हुए नियमों के अनुसार कार्रवाई की. इन सभी से किराया और जुर्माना वसूला गया. रेलवे के मुताबिक, कुल 36,140 रुपये चार्ज के रूप में लिए गए.

रेलवे की कार्रवाई का आधार- किसी व्यक्ति को सिर्फ अपने परिजनों को ट्रेन में बैठाने या उनका सामान रखने के लिए ट्रेन के अंदर यात्रा करने की अनुमति नहीं है. ट्रेन के अंदर यात्री के रूप में मौजूद रहने के लिए वैध यात्रा टिकट या रेलवे के अधिकृत कर्मचारी की अनुमति जरूरी है.

वंदे भारत के दरवाजे अपने आप क्यों बंद हो जाते हैं?

इस घटना में वंदे भारत एक्सप्रेस के ऑटोमेटिक दरवाजे भी चर्चा में हैं. दरअसल, वंदे भारत सामान्य ट्रेनों से अलग आधुनिक सुविधाओं वाली ट्रेन है. इसमें ऑटोमेटिक दरवाजों की व्यवस्था की गई है. ट्रेन के रुकने पर दरवाजे खुलते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत बंद होने के बाद ही ट्रेन रवाना होती है.

इन दरवाजों का मकसद ट्रेन में चढ़ने और उतरने की प्रक्रिया को नियंत्रित करना और परिचालन सुरक्षा बनाए रखना है. ट्रेन के चलने के बाद सामान्य तरीके से दरवाजे खोलकर प्लेटफॉर्म पर उतरना संभव नहीं होता. दरवाजों की व्यवस्था इस तरह की गई है कि ट्रेन के रुकने और परिचालन प्रक्रिया के अनुसार ही उन्हें खोला जाता है.

प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ही स्टेशन के अंदर जाएं

इस घटना के बाद रेलवे ने लोगों से साफ कहा है कि स्टेशन परिसर में प्रवेश करने के लिए वैध प्लेटफॉर्म टिकट होना चाहिए. ट्रेन में सिर्फ उन्हीं लोगों को चढ़ना चाहिए जिनके पास उस ट्रेन का वैध यात्रा टिकट है.

अगर आप किसी परिजन को ट्रेन में बैठाने स्टेशन जा रहे हैं तो प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म पर पहुंचें. सामान रखने या सीट तक पहुंचाने के लिए ट्रेन के अंदर जाने से बचें. परिजनों को ट्रेन में बैठाने के बाद प्लेटफॉर्म पर ही रहें.

खासकर वंदे भारत जैसी ट्रेनों में ऑटोमेटिक दरवाजे होने के कारण लापरवाही परेशानी में डाल सकती है. दरवाजे बंद होने के बाद ट्रेन रवाना हो गई तो बिना टिकट ट्रेन में रह जाने पर रेलवे की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.

बिना टिकट ट्रेन में सफर करने पर क्या कहता है रेलवे का नियम?

रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 55 में बिना उचित पास या टिकट के यात्री के रूप में ट्रेन के डिब्बे में प्रवेश करने या उसमें बने रहने पर रोक लगाई गई है. किसी व्यक्ति के पास वैध यात्रा टिकट नहीं है तो वह यात्री के रूप में ट्रेन में सफर नहीं कर सकता.

वहीं, अधिनियम की धारा 138 में बिना उचित टिकट या पास के यात्रा करने पर किराये के साथ अतिरिक्त शुल्क वसूलने का प्रावधान है. इस नियम के तहत रेलवे बिना टिकट पकड़े गए व्यक्ति से निर्धारित किराया और अतिरिक्त चार्ज वसूल सकता है.

ये भी पढ़ें- ‘राजा भैया का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा’, कुंडा में बोले बृजभूषण शरण सिंह