बाराबंकी में बिजली कनेक्शन को लेकर बवाल, किसान को लाठी मारने पर गांव वालों ने दारोगा के साथ किया ये कांड!

यूपी तक

• 12:44 PM • 13 Aug 2026

Barabanki News: बाराबंकी के ठाकुरपुर गांव में बिजली कनेक्शन को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर बवाल हुआ है. ग्रामीणों ने दरोगा पर किसान की लाठी से पिटाई का आरोप लगाया है.

Google CTA

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बुधवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर नोकझोंक और भयंकर बवाल देखने को मिला है. मामला कोठी थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर मजरे इब्राहिमाबाद गांव का है. कोर्ट के आदेश पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम 25 केवी के ट्रांसफार्मर से एक और ट्यूबवेल कनेक्शन जुड़वाने पहुंची थी. लेकिन, ग्रामीणों ने प्राइवेट कनेक्शन बताकर इसका कड़ा विरोध किया. ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान दरोगा लालजी यादव ने एक किसान को लाठी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया है.

यह भी देखें...

ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरा

किसान रामनिवास की पिटाई के बाद गांव वाले बुरी तरह आक्रोशित हो गए हैं. ग्रामीणों ने दरोगा और उनके साथ आए सिपाहियों (प्रमोद कुमार, सुरेंद्र कुमार और श्याम सिंह) को चारों तरफ से घेर लिया है. ग्रामीणों का आरोप है कि जब कुछ महिलाओं और नाबालिग लड़कियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की है, तो उनके साथ भी मारपीट की गई. हालात इतने बिगड़ गए कि वहां देर शाम तक हंगामा चलता रहा और हाथापाई की नौबत आ गई.

वायरल वीडियो में दिखे पुलिस से सवाल

इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक शख्स जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा दिख रहा है और ग्रामीण उसे उठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं. इस दौरान कुछ ग्रामीण पुलिस वालों से सवाल करते हैं- "इसको किसने मारा है? दरोगा ने मारा है. क्यों मारा है?" एक ग्रामीण तो दरोगा की टूटी हुई लाठी दिखाते हुए कहता है कि "इतना पीटा है कि लाठी तक टूट गई."

किसी तरह बचकर निकली पुलिस

स्थिति को काबू से बाहर होता देख पुलिस टीम किसी तरह वहां से बचकर निकल गई. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. घायल किसान रामनिवास को तुरंत एंबुलेंस से सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ समीर कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की और देर रात दोनों पक्षों को थाने बुलाया.

एसपी का बयान- जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस पूरे मामले पर बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय का कहना है कि हाई कोर्ट के निर्देश पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम कनेक्शन जोड़ने गई थी. वहां ग्रामीणों ने विरोध किया और दोनों पक्षों में बहस हुई. एसपी के मुताबिक, मारपीट का मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है और पूरे प्रकरण (मामले) की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.