Pappu Yadav shoe attack: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर जूता फेंकने के आरोपी हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी गोस्वामी का गृह जनपद बुलंदशहर लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया है. गांव पहुंचने पर दोनों युवकों का खुली जीप में रोड शो निकाला गया. महिलाओं ने उनकी आरती उतारी और उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर सियासत भी गरमा गई है.
ADVERTISEMENT
गांव में हुआ हीरो जैसा स्वागत
बुलंदशहर के रहने वाले हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी जब अपने गांव पहुंचे, तो ऐसा लगा मानो कोई बड़ा युद्ध जीतकर लौटे हों. सड़क के दोनों ओर लोग उनके स्वागत के लिए खड़े थे. जगह-जगह ढोल और डीजे बजाए गए. महिलाओं ने तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया. लेकिन एक सांसद पर हमला करने के आरोपियों के इस सार्वजनिक स्वागत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
आरोपियों के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही बहस छिड़ गई है. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर सीधा निशाना साधा. अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तंज कसते हुए लिखा, 'भाजपा में अपराधियों की बलिहारी, दोषियों के स्वागत की परंपरा जारी है.' इस तरह बुलंदशहर से उठी ये चिंगारी अब लखनऊ तक सियासी मुद्दा बन चुकी है.
पप्पू यादव की पीसी में क्या हुआ था?
कुछ दिन पहले पप्पू यादव दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और उन पर जूता फेंका गया. पुलिस ने मौके से ही सुमित गिरी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि हैप्पी शर्मा वहां से भाग निकला था. पप्पू यादव के समर्थकों का आरोप था कि इन युवकों के पास चाकू भी था. पप्पू यादव ने इसे अपनी जान पर बड़ा खतरा और साजिश बताया था.
आरोपियों का दावा- सिर्फ सवाल पूछने गए थे
हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी का कहना है कि वे बिना किसी हथियार के वहां पहुंचे थे. उनका दावा है कि वे सिर्फ पप्पू यादव से सवाल पूछना चाहते थे कि उन्होंने सनातन धर्म, हिंदुओं और भगवान राम का अपमान क्यों किया. युवकों का आरोप है कि सवाल पूछते ही पप्पू यादव के समर्थकों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया. उन्हें नहीं पता कि जूता किसने फेंका था.
राम मंदिर पर पप्पू यादव के नाटक से थे नाराज
संसद के मानसून सत्र के दौरान पप्पू यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का आरोप लगाते हुए एक नाटक किया था. वह भगवा कपड़े पहनकर और भगवान राम की तस्वीर जमीन पर रखकर प्रदर्शन कर रहे थे. इस घटना के बाद संत समाज भी पप्पू यादव से काफी नाराज था. बताया जा रहा है कि हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी भी इसी बात से नाराज होकर उनसे सवाल करने पहुंचे थे. हैप्पी शर्मा को बीजेपी ग्रामीण मंडल का उपाध्यक्ष और सुमित गिरी को नगर सचिव बताया जा रहा है.
ADVERTISEMENT










