पप्पू यादव पर जिसने जूते से हमला किया था, अब उसकी मां ने रोते हुए क्या कहा?

यूपी तक

• 01:25 PM • 03 Aug 2026

Pappu Yadav attack: पप्पू यादव के दिल्ली आवास पर हुए हमले के बाद आरोपी सुमित गिरी की मां का दर्द भरा बयान सामने आया है. उन्होंने बेटे की पिटाई का वीडियो देखकर रोते हुए उसके सुरक्षित घर लौटने की गुहार लगाई है.

Google CTA

Pappu Yadav attack: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के दिल्ली आवास पर हुए हमले के बाद यह मामला अब थम नहीं रहा है. इस मामले में यूपी के बुलंदशहर के रहने वाले सुमित गिरी और उसके दोस्त हैप्पी शर्मा का नाम सामने आया है. आरोप है कि दोनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद पर जूता फेंका और चाकू से हमला करने की कोशिश की है. घटना के बाद जहां हैप्पी शर्मा भाग निकला, वहीं सुमित को पप्पू यादव के समर्थकों ने पकड़ लिया और कथित तौर पर उसकी जमकर पिटाई की गई है. टीवी पर अपने बेटे की पिटाई की खबर देखकर सुमित की मां का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी देखें...

टीवी और फोन पर देखा वीडियो

सुमित गिरी यूपी के सिकंदराबाद के शेपानी गांव का रहने वाला है. जैसे ही टीवी और सोशल मीडिया पर पप्पू यादव के समर्थकों द्वारा सुमित को पीटने का वीडियो सामने आया, उसके परिवार में मातम पसर गया. सुमित की मां ने रोते हुए बताया कि उन्होंने टीवी और फोन पर यह सब देखा. मां ने रोते हुए कहा, 'पप्पू यादव ने चप्पल फेंकी है, उन लोगों ने इतना बड़ा चाकू रख दिया है. मेरे बेटे को खींचकर घर में ले गए.' उन्हें डर सता रहा है कि कहीं उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी न हो जाए.

ऑफिस का कहकर निकला था सुमित

रो-रोकर बदहवास हो चुकी मां ने बताया कि सुमित घटना वाले दिन दोपहर करीब 12:30 बजे लंच लेकर घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने गाजियाबाद वाले ऑफिस जा रहा है. मां ने कहा, 'मुझे राजनीति से कोई मतलब नहीं है, मुझे नहीं पता उसे कौन वहां लेकर गया. मुझे बस मेरा बेटा सही-सलामत वापस चाहिए.' दावों के मुताबिक, सुमित गिरी बीजेपी के सिकंदराबाद मंडल में नगर सचिव है और खेती व प्रॉपर्टी का काम करता है.

हैप्पी ने चाकू की बात नकारी

इस पूरे मामले में सुमित का दोस्त और दूसरा आरोपी हैप्पी शर्मा बचकर निकल गया था. मीडिया के सामने आकर हैप्पी ने दावा किया कि वे लोग सिर्फ पप्पू यादव से साधु-संतों और भगवान राम के अपमान को लेकर सवाल पूछने गए थे. हैप्पी ने सांसद के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया कि वे चाकू लेकर गए थे. हैप्पी का कहना है कि पुलिस ने अंदर जाने से पहले उनकी तलाशी ली थी और उनके पास सिर्फ मोबाइल और चाबी थी. हैप्पी का आरोप है कि चाकू बाद में समर्थकों ने खुद लाकर वहां रख दिया था.

सांसद ने बताया हत्या की साजिश

पप्पू यादव ने इस हमले को जानलेवा और हत्या की बड़ी साजिश करार दिया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से दोनों आरोपियों की तस्वीरें यूपी के कुछ नेताओं के साथ साझा की हैं और राजनीतिक संबंधों की जांच की मांग की है. सांसद के मीडिया संयोजक ने दिल्ली पुलिस पर भी लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने सुमित को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच में जुटी है.