Pratapgarh House Collapse: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में लगातार हो रही बारिश के कारण एक पूरा परिवार खत्म हो गया है. नगर कोतवाली क्षेत्र के महली मोहल्ले में रात करीब 2 बजे एक 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभरा कर गिर गया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और सनसनी फैल गई है.
ADVERTISEMENT
एक ही कमरे में था परिवार
यह पुराना मकान प्रमोद कुमार श्रीवास्तव का था. हादसे के वक्त परिवार के सातों सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे. पड़ोसियों ने बताया कि एसी चलने या फिर गरीबी और घर छोटा होने के कारण सभी लोग एक ही जगह सो रहे थे. रात में अचानक दो मंजिला मकान की छत नीचे आ गिरी और पूरा परिवार मलबे में दब गया.
मलबे में दबकर छह की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंच गए. मलबे में दबने से प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी, बेटे, बहू और दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया. उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एसआरएन (SRN) अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है.
आवास न मिलने पर जताया गुस्सा
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और ग्राम प्रधान ने प्रशासन पर गहरी नाराजगी जताई है. उनका कहना था कि यह परिवार बहुत गरीब था और सरकारी आवास का पूरी तरह से हकदार था. लोगों ने कहा कि अगर इन्हें समय पर सरकारी योजना के तहत पक्का मकान मिल गया होता, तो शायद आज यह दर्दनाक हादसा नहीं होता.
मौके पर नहीं पहुंचा कोई नेता
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी भारी गुस्सा है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कोई विधायक, सभासद या नेता घटना स्थल पर नहीं पहुंचा है. फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और जरूरी कदम उठा रही है.
ADVERTISEMENT










