महाराजगंज में संपत्ति के लालच में बहू बनी हैवान! आंखों में मिर्च पाउडर डालकर ससुर को तड़पाया और फिर कर दिया ये कांड

यूपी तक

• 08:11 PM • 01 Aug 2026

Maharajganj Murder: महाराजगंज में संपत्ति विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोप है कि शिक्षामित्र बहू ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी है. हत्या के आरोपी बहू ने शव को ठिकाने लगाने की भी कोशिश की है.

Google CTA

Maharajganj Murder: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. फरिंदा थाना क्षेत्र के सुनबरसा गांव में संपत्ति के लालच में अंधी एक बहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी है. पेशे से शिक्षामित्र बहू ने बातचीत के बहाने ससुर को घर बुलाया, फिर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उन पर हमला कर दिया. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए महज 4 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया है और बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी देखें...

जमीन बंटवारे को लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक मृतक सच्चाराम गुप्ता के दो बेटे हैं. उनकी बड़ी बहू शोभा गुप्ता, जो एक प्राइमरी स्कूल में शिक्षामित्र है, लंबे समय से ससुर पर पूरी संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रही थी. वहीं सच्चाराम गुप्ता अपनी जमीन दोनों बेटों में बराबर-बराबर बांटना चाहते थे. इसी बात को लेकर परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में भी लंबित था. बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का पति करीब 18 साल पहले मुंबई काम करने गया था और वहां से लापता हो गया था, जिसका आज तक कोई सुराग नहीं मिला.

मिर्च डालकर फावड़े से किया हमला

घटना वाले दिन बहू ने जमीन के बंटवारे पर बातचीत करने के बहाने ससुर सच्चाराम को घर बुलाया. वहां उसके दो साथी धन यादव और रमेश गुप्ता पहले से मौजूद थे. बातचीत के दौरान योजना के मुताबिक बहू ने ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. जब बुजुर्ग तड़पने लगे, तो लकड़ी के फावड़े से उनके सिर पर हमला कर दिया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

सबूत मिटाने के लिए फेंका शव

हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने की कोशिश की. शव को ठिकाने लगाने के लिए उन्होंने रात में अपने चौथे साथी श्रीकांत चौहान को बुलाया. चारों आरोपियों ने मिलकर शव को घर से बाहर घसीटा और पास के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया, ताकि इसे एक हादसा दिखाया जा सके. हालांकि, पुलिस की तफ्तीश में पूरी सच्चाई सामने आ गई. पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया आला कत्ल बरामद कर लिया है और चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.