Baghpat news: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के छपरौली कस्बे में एक बड़ा हादसा हो गया है. यहां कुरैशियान इलाके में एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक ढह जाने से नीचे काम कर रहे तीन मजदूरों की दबकर मौत हो गई. मृतकों में आपस में ससुर और दामाद लगने वाले दो मजदूर भी शामिल हैं. हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे से तीनों को बाहर निकाला, लेकिन किसी की जान नहीं बचाई जा सकी. घटना के बाद से ही तीन परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT
4 दिन पहले डाला गया था लेंटर
यह दर्दनाक हादसा छपरौली थाना क्षेत्र के कुरैशियान मोहल्ले में 30 जुलाई 2026 को हुआ. बताया जा रहा है कि मकान का यह लेंटर महज 4 दिन पहले ही डाला गया था. हादसे के समय तीनों मजदूर नीचे काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ लेंटर भरभरा कर नीचे आ गिरा. इससे किसी भी मजदूर को संभलने का मौका नहीं मिला. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया.
हादसे में उजड़ गए तीन परिवार
स्थानीय निवासियों ने काफी कोशिशों के बाद तीनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला. हादसे में सुरेंद्र उर्फ राघू और रॉबिन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जो आपस में रिश्ते में ससुर और दामाद थे. वहीं गंभीर रूप से घायल तीसरे मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. हालांकि इलाज के दौरान तीसरे मजदूर की भी मौत हो गई. मृतक रॉबिन की पत्नी पूजा ने बताया कि उनके पति और पिता एक साथ काम पर गए थे और इस हादसे ने उनके परिवार की खुशियां छीन लीं.
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि 30 जुलाई को छपरौली थाने में कुरैशियान मोहल्ले से निर्माणाधीन इमारत का छज्जा गिरने की सूचना मिली थी. पुलिस ने सभी को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों की मृत्यु की पुष्टि की. छपरौली पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मौके पर कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है.
ADVERTISEMENT










