देवरिया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर मचा भयंकर बवाल! ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव

यूपी तक

• 01:14 PM • 31 Jul 2026

Deoria news: देवरिया के लवकनी गांव में सरकारी खलीहान की जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर भयंकर बवाल हो गया है. प्रतिमा हटाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया.

Google CTA

Deoria news: प्रदेश के देवरिया जिले स्थित लवकनी गांव में सरकारी खलिहान की जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच भारी बवाल हो गया. यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुरुवार शाम को सरकारी जमीन से पुलिस द्वारा प्रतिमा हटाने के दौरान अचानक गांव वालों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. इसमें कई पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी घायल हो गए. इसके जवाब में पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा. फिलहाल प्रतिमा को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

यह भी देखें...

सरकारी जमीन पर प्रतिमा का विवाद

यह पूरा मामला देवरिया के लवकनी गांव का है, जहां बुधवार रात कुछ लोगों ने बिना अनुमति के सरकारी खलिहान की जमीन पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सरकारी जमीन होने का हवाला देते हुए प्रतिमा स्थापित करने से रोक दिया. इसके बाद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर रात भर प्रतिमा की सुरक्षा में डटे रहे और हटाने का विरोध करते रहे.

प्रतिमा हटाने के दौरान हुआ पथराव

पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने के प्रयास में जुटी रही. पुलिस का कहना है कि संवाद के बाद प्रतिमा रखने वाले लोग उसे वहां से सम्मानपूर्वक हटाने के लिए राजी हो गए थे. हालांकि, गुरुवार शाम को जब प्रतिमा को हटाने का काम शुरू किया गया, तो वहां मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया.

पथराव करने वालों पर कानूनी कार्रवाई

अचानक हुए इस पथराव में कई पुलिसकर्मी और अधिकारी चोटिल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया. इसके बाद प्रतिमा के चबूतरे को बुलडोजर की मदद से हटवाया गया और मूर्ति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. मामले में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है.