Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शुक्रवार 31 जुलाई की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चौहना गांव स्थित गोसाई पुरवा के एक ही मकान के अंदर परिवार के चार सदस्यों के शव खून से लथपथ हालत में मिले है. मृतकों में 28 साल के बजरंग गिरी, उनकी 25 साल की पत्नी कोमल, 3 साल का बेटा और 10 महीने का मासूम बच्चा शामिल हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे. पुलिस को मिले एक वीडियो के आधार पर शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन के विवाद में हत्या और आत्महत्या की बात सामने आ रही है.
ADVERTISEMENT
घर के अंदर मिले चार शव
31 जुलाई की शाम करीब 7 बजे जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो घर के अंदर चार लोग खून से लथपथ पड़े मिले. मृतक के भाई रामकुमार गिरी के अनुसार, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे. सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर बारीकी से सबूत जुटाए और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस को मोबाइल से मिला वीडियो
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई से दो मोबाइल फोन हासिल किए. जब मोबाइलों की गहनता से जांच की गई, तो उसमें एक वीडियो मिला. इस वीडियो में बजरंग खुद और अपने परिवार को खत्म करने की बात कह रहा है और इसके पीछे पैसों के लेनदेन को मुख्य वजह बता रहा है. इसके अलावा जांच के दौरान कमरे से एक खून लगी कैंची भी मिली है और दूसरे कमरे में रखे बक्से पर खून की कुछ बूंदें पाई गई हैं. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना के समय का कोई फुटेज दर्ज नहीं मिला है.
मौके से बरामद हुए तीन तमंचे
पुलिस पूछताछ में मृतक के छोटे भाई ने पुलिस को तीन देसी तमंचे सौंपे. भाई ने बताया कि ये तमंचे शवों के पास पड़े थे, जिन्हें उन्होंने वहां से हटा दिया था. पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी और दोनों मासूम बच्चों को गोली मारी गई और उसके बाद बजरंग ने खुद को भी गोली मार ली. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों, मोबाइल फोन की जांच और आर्थिक पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT










